विकास नंद /सर्वव्यापी/
छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए आज का दिन ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण बन गया है। केंद्र सरकार ने खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 के लिए प्रदेश में धान खरीदी के अनुमान को 70 लाख मीट्रिक टन से बढ़ाकर 78 लाख मीट्रिक टन करने की स्वीकृति प्रदान की है।
इस महत्वपूर्ण निर्णय से प्रदेश के लाखों किसानों को सीधा लाभ मिलेगा और उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूती मिलेगी।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रह्लाद जोशी का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि यह “डबल इंजन सरकार” की किसानों के प्रति प्रतिबद्धता का सशक्त प्रमाण है, जिसमें किसान कल्याण सर्वोच्च प्राथमिकता में है।
मुख्यमंत्री साय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, “8 लाख मीट्रिक टन अतिरिक्त धान खरीदी की स्वीकृति, हमारे अन्नदाताओं की मेहनत का सम्मान है। यह न केवल उनकी आमदनी को बढ़ाएगा, बल्कि राज्य की कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को भी सुदृढ़ करेगा।”उन्होंने यह भी बताया कि राज्य सरकार किसानों को बेहतर मूल्य, समय पर भुगतान और सुगम खरीदी प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए व्यापक रणनीति पर कार्य कर रही है। साथ ही, खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी और संगठित बनाए रखने के लिए सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की समृद्धि और सम्मान सुनिश्चित करना ही उनकी सरकार की प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के किसान नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं और यह निर्णय उसी दिशा में एक मजबूत कदम है।
मुख्य बिंदु:
धान खरीदी अनुमान 70 से बढ़ाकर 78 लाख मीट्रिक टन किसानों की आमदनी में वृद्धि और कृषि अर्थव्यवस्था को लाभकेंद्र और राज्य सरकार की समन्वित “डबल इंजन” नीति का प्रभाव पारदर्शी और सुगठित खरीदी व्यवस्था के लिए राज्य सरकार तैयार मुख्यमंत्री साय ने केंद्र सरकार को जताया आभारयह निर्णय प्रदेश के अन्नदाताओं को आत्मविश्वास प्रदान करेगा और उन्हें खेती-किसानी में और अधिक प्रेरित करेगा।