विकास नंद/ सर्वव्यापी/
जिला पंचायत महासमुंद में 16 से 18 जुलाई तक आयोजित तीन दिवसीय आधारभूत प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम जिला पंचायत के सभाकक्ष में मुख्य कार्यपालन अधिकारी एस. आलोक के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया, जिसमें उपसंचालक पंचायत दीप्ति साहू एवं संकाय सदस्य दिनेश वर्मा की सक्रिय भूमिका रही।प्रशिक्षण के प्रथम दिवस पंचायत प्रणाली की भूमिका, बजट निर्माण, ऑडिट प्रक्रिया, निर्माण कार्यों की प्रक्रिया एवं सूचना के अधिकार अधिनियम की विस्तृत जानकारी दी गई। सदस्यों को पंचायत संचालन से जुड़े तकनीकी और विधिक पहलुओं से भी अवगत कराया गया।
द्वितीय दिवस में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा), प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), स्वच्छ भारत मिशन एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की जानकारी दी गई। इन योजनाओं की पात्रता, क्रियान्वयन एवं निगरानी प्रणाली को विस्तार से समझाया गया।तृतीय एवं अंतिम दिवस विभिन्न विभागों की प्रस्तुतियों को समर्पित रहा। स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों ने जननी सुरक्षा योजना, मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान, आंगनबाड़ी सेवाएं और सामाजिक सुरक्षा पेंशन जैसी योजनाओं के लाभार्थी चयन, क्रियान्वयन एवं शिकायत निवारण प्रणाली पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य कुमारी भास्कर, रामदुलारी सिन्हा, देवकी पटेल, देवकी पुरुषोत्तम दीवान, जगमोती भोई, नैन पटेल, लोकनाथ बारी, मोक्ष कुमार प्रधान, जागेश्वर जुगनू चंद्राकर एवं कारण सिंह दीवान की सक्रिय सहभागिता रही।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला पंचायत लेखाधिकारी, सहायक परियोजना अधिकारी, जिला परियोजना अधिकारी टीकवेंद्र जटवार, जिला शिक्षा अधिकारी विजय लहरे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।सदस्यों ने इस प्रशिक्षण को ज्ञानवर्धक एवं व्यावहारिक बताया तथा भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रमों के नियमित आयोजन की मांग की, ताकि योजनाओं का लाभ धरातल पर अधिक प्रभावी ढंग से पहुंच सके।