विकास नंद/सर्वव्यापी/

महासमुंद जिला पुलिस द्वारा जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में नशामुक्ति को लेकर सशक्त जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस टीम ने स्कूल-कॉलेज, हाट-बाजार, जन स्थलों और विभिन्न ग्रामों में जाकर नशे के दुष्परिणामों को लेकर लोगों को जागरूक किया।इस अभियान के तहत स्वीपर बस्ती महासमुंद, ग्राम भोरिंग तुमगांव, खैरझिटी, लाखागढ़, टेका, पाईकपारा, शंकर नगर बसना, अरेकेल, बिरसिंगपाली, खोखेपुर, मीना बाजार पिथौरा, बेलसोंडा फाटक, भंवरपुर, जोरातराई पटेवा एवं नवागांव कला बुंदेली जैसे क्षेत्रों में पहुंचकर आमजन से संवाद किया गया। लोगों को बताया गया कि नशा न केवल व्यक्ति की सेहत को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार, समाज और आर्थिक स्थिति पर भी बुरा असर डालता है।अभियान के दौरान लोगों को राष्ट्रीय नशामुक्ति हेल्पलाइन नंबर 14446 एवं मानस हेल्पलाइन नंबर 1933 की जानकारी दी गई, ताकि वे सहायता प्राप्त कर सकें या मादक पदार्थों की गोपनीय सूचना साझा कर सकें।
जनसंपर्क के दौरान नागरिकों से नशा से दूर रहने की शपथ भी दिलाई गई। साथ ही साइबर अपराधों के प्रति भी सतर्क किया गया। पुलिस ने बताया कि—किसी अनजान नंबर से आए वीडियो कॉल का जवाब न दें।पैसे की मांग करने वाले कॉल्स की सत्यता स्वयं जांचें।किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें।“आप पर FIR हो गई है” जैसे फोन कॉल से डरें नहीं, यह साइबर ठगी हो सकती है।पुलिस अधिकारी, CBI, या बैंक अधिकारी बनकर वीडियो कॉल करने वालों से सावधान रहें।“पैसे दुगुना करने” जैसे झांसे में न आएं।
साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत टोल फ्री नंबर 1930 या नजदीकी थाना में शिकायत करने का आग्रह किया गया।महासमुंद पुलिस द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान जनहित में अत्यंत सराहनीय पहल है, जिससे आमजन में जागरूकता बढ़ रही है और समाज को नशा मुक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।