विकास नंद /सर्वव्यापी/
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा ग्राम गढ़फूलझर प्रवास के दौरान की गई घोषणाओं के क्रियान्वयन को लेकर कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने शुक्रवार को बसना विकासखंड के ग्राम गढ़फूलझर का औचक निरीक्षण किया। कलेक्टर ने मौके पर पहुंचकर विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को कार्यों को सितंबर माह तक हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अधोसंरचना निर्माण, चौपाल, सामुदायिक शौचालय, उद्यान विकास, तालाब सौंदर्यीकरण, एवं सर्वजन उपयोगी मंगल भवन जैसे महत्वपूर्ण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने निर्माणाधीन कार्यों की गुणवत्ता की जांच करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।इसके साथ ही उन्होंने विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली तथा हितग्राहियों से प्रत्यक्ष संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्यों में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ एस. आलोक, तहसीलदार के.के. साहू, जनपद पंचायत पिथौरा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी पीयूष ठाकुर, एसडीओ आरईएस बसना नयन प्रधान सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।कलेक्टर के इस दौरे से ग्रामवासियों में उम्मीद जगी है कि घोषणाएं जल्द ही धरातल पर नजर आएंगी और गांव का समग्र विकास सुनिश्चित होगा।