विकास नंद/ सर्वव्यापी/

राज्य महिला आयोग की सदस्यों ने आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुख्यमंत्री निवास में सौजन्य मुलाकात की।
इस दौरान आयोग की सदस्य सरला कोसरिया के नेतृत्व में आयोग की सदस्य लक्ष्मी वर्मा, ओजस्वी मंडावी एवं दीपिका शोरी उपस्थित रहीं।यह भेंट सौहार्द्रपूर्ण और आत्मीय वातावरण में संपन्न हुई।
चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री साय ने आयोग के कार्यों की सराहना करते हुए राज्य में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि महिला आयोग का कार्य प्रशासन और शासन के लिए एक मजबूत मार्गदर्शक की भूमिका निभा रहा है।
मुख्यमंत्री साय की सहजता और संवेदनशीलता की एक बार फिर झलक देखने को मिली जब उन्होंने सरायपाली क्षेत्र से संबंधित विभिन्न मुद्दों को गंभीरता से सुना और तत्काल संबंधित अधिकारियों को समाधान हेतु निर्देशित किया।
सरायपाली क्षेत्र में महिला कल्याण, बालिका शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और रोजगार से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
महिला आयोग की सदस्यों ने भी राज्य सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और बताया कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में महिलाओं को न्याय दिलाने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आयोग सतत रूप से कार्य कर रहा है।
मुख्यमंत्री से भेंट के उपरांत आयोग की सदस्यों ने बताया कि साय पूर्व की भांति आज भी उतनी ही सरलता और सहजता के साथ जनसमस्याएं सुनते हैं और यथासंभव त्वरित निराकरण करते हैं। उनका नेतृत्व राज्य के लिए प्रेरणास्रोत है।
यह भेंट महिला सशक्तिकरण और प्रशासनिक सहयोग की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखी जा रही है।