विकास नंद/ सर्वव्यापी/
जिला कृषि स्थायी समिति महासमुंद की प्रथम बैठक सोमवार को उप संचालक कृषि कार्यालय के सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कृषि स्थायी समिति की सभापति देवकी दीवान ने की। बैठक में समिति के सदस्यगण कुमारी भास्कर, रामदुलारी सिन्हा, रवि कुमार साहू फरोदिया सहित कृषि, पशुपालन, उद्यानिकी, मत्स्य, सहकारिता एवं विपणन विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।बैठक में कृषि, पशुपालन, उद्यानिकी एवं मत्स्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। संबंधित विभागों द्वारा योजनाओं की जानकारी एवं अब तक की प्रगति का प्रस्तुतीकरण किया गया। बीज एवं उर्वरक वितरण की स्थिति की समीक्षा करते हुए समिति ने सुझाव दिया कि डी.ए.पी. के स्थान पर एन.पी.के. एवं एस.एस.पी. जैसे वैकल्पिक उर्वरकों को अपनाने हेतु किसानों को जागरूक किया जाए।सदस्यों ने यह निर्देश भी दिया कि जहां भी कृषि संबंधी प्रशिक्षण, प्रदर्शन या कार्यक्रम आयोजित हों, उसकी जानकारी पूर्व में समिति के सदस्यों को अनिवार्य रूप से दी जाए। उद्यानिकी विभाग को किसानों के लिए नर्सरी भ्रमण कार्यक्रम आयोजित करने एवं धान के विकल्प के रूप में दलहन, तिलहन, मक्का एवं रागी की खेती के लिए प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए।पशुपालन विभाग को कृत्रिम गर्भाधान योजनाओं को गति देने तथा कृषि यंत्री महासमुंद को कृषि यंत्र सेवा केंद्र की स्थापना एवं उससे जुड़ी योजनाओं का अधिकाधिक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए। बैठक में बीज प्रक्रिया केंद्र में संचालित ग्रेडिंग मशीन की जानकारी भी दी गई।किसानों के हित में लिए गए सुझावों और निर्णयों को प्रभावी रूप से क्रियान्वित करने हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।