समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देश – तिरंगा यात्रा, स्वतंत्रता दिवस और योजनाओं की तैयारियों की हुई समीक्षा।

Share Now

विकास नंद/ सर्वव्यापी/

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में प्रातः 10 बजे समय-सीमा की बैठक आयोजित कर जिले में संचालित विभिन्न विभागीय योजनाओं, कार्यक्रमों और आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।

बैठक में नवपदस्थ जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार, सभी अनुविभागीय अधिकारी, जिला स्तरीय विभाग प्रमुख, जनपद सीईओ और नगरीय निकायों के सीएमओ व ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित रहे।

बैठक में कलेक्टर लंगेह ने आगामी तिरंगा यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए बताया कि इस बार “हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता – स्वतंत्रता का उत्सव स्वच्छता के संग” थीम पर तीन चरणों में यह अभियान आयोजित किया जाएगा, जो 15 अगस्त तक चलेगा।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसहभागिता बढ़ाने के लिए स्वयंसेवी संगठनों, स्वयं सहायता समूहों और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करें। साथ ही ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के माध्यम से लोगों को जोड़ने की अपील की गई।

कलेक्टर ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को रजत जयंती वर्ष की थीम के अनुरूप गरिमामय तरीके से आयोजन करने के निर्देश दिए और पूर्व वर्षों की भांति अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपकर तैयारियों को समय पर पूर्ण करने को कहा।

योजनाओं की प्रगति पर विशेष जोर

लंगेह ने अटल मॉनिटरिंग पोर्टल में निर्धारित समय-सीमा में डेटा अपलोड करने, ई-ऑफिस का अनिवार्य उपयोग सुनिश्चित करने और 15 वर्ष से अधिक पुराने शासकीय वाहनों की नीलामी की प्रक्रिया तेज करने को कहा।

मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा के दौरान बसना और खल्लारी क्षेत्रों में धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

पीएम जनमन योजना और आयुष्मान भारत की समीक्षा

निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवासों को 15 अगस्त तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत अब तक 87% गोल्डन कार्ड बनाए जा चुके हैं, शेष लक्ष्य शीघ्र पूर्ण करने हेतु स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया। साथ ही राशन कार्ड से मृत व्यक्तियों के नाम हटाने हेतु विशेष अभियान चलाने की बात कही गई।

स्वास्थ्य एवं कृषि पर भी विशेष ध्यान मौसमी बीमारियों की रोकथाम हेतु स्वास्थ्य विभाग को सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर गांवों में स्वास्थ्य शिविर लगाने को कहा गया। कृषि विभाग द्वारा बताया गया कि जिले में 66 हजार टन खाद में से अब तक 81% खाद का वितरण किया जा चुका है।

आवारा पशुओं पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश

कलेक्टर ने आवारा पशुओं की समस्या को गंभीरता से लेते हुए पशु मालिकों पर जुर्माना लगाने और पंचायत स्तर पर पशु आश्रय की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

अब तक महासमुंद में 1500, पिथौरा में 400, सरायपाली में 1400 और बसना में 500 रुपए की जुर्माना राशि वसूली गई है और कुल 251 पशुओं को विस्थापित किया गया है। इस कार्य की निगरानी व्यक्तिगत रूप से अनुविभागीय अधिकारियों को सौंपी गई।

पेंशन, जनशिकायत एवं लोक सेवा गारंटी पर भी चर्चा

बैठक में पेंशन प्रकरणों, समय-सीमा में प्राप्त पत्रों, जनशिकायत निवारण तथा लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई।

लंगेह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता से जुड़े सभी प्रकरणों को प्राथमिकता से एवं समयबद्ध रूप से निराकृत किया जाए।

इस बैठक में प्रशासनिक सतर्कता और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू करने हेतु अधिकारियों को जिम्मेदारीपूर्ण कार्य करने के निर्देश दिए गए।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!