विकास नंद/ सर्वव्यापी/
आजादी के अमृत महोत्सव और आगामी स्वतंत्रता दिवस के मद्देनज़र बसना विकासखण्ड के विभिन्न ग्राम पंचायतों में तिरंगा यात्रा का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन में स्कूली बच्चों, शिक्षकों, स्वच्छाग्राही समूहों और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
ग्राम पंचायत बिछिया में तिरंगा यात्रा का शुभारंभ स्कूली छात्र-छात्राओं, स्वच्छा ग्राही समूह एवं पंचायत प्रतिनिधियों की अगुवाई में हुआ। बच्चों के हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों से पूरा गांव गूंज उठा।
तिरंगा यात्रा ने ग्रामवासियों में देशप्रेम की भावना को और प्रगाढ़ किया।वहीं, ग्राम पंचायत बेलसोंडा में शासकीय उच्च प्राथमिक शाला के बच्चों ने उत्साहपूर्वक तिरंगा यात्रा निकाली। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, महिलाएं और बच्चे शामिल हुए।
देशभक्ति गीतों और नारों से वातावरण में उमंग और उल्लास भर गया।
तिरंगा यात्रा के आयोजन का उद्देश्य देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाना और बच्चों में राष्ट्रीय एकता व समर्पण की भावना का संचार करना है।
यह आयोजन स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को नई ऊर्जा और उत्साह प्रदान कर रहा है।