विकास नंद/ सर्वव्यापी/
जिला कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जन चौपाल कार्यक्रम में आज कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने आमजन से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को त्वरित समाधान हेतु निर्देश दिए।
कलेक्टर लंगेह ने कहा कि जन समस्याओं का निराकरण संवेदनशीलता के साथ नियमानुसार किया जाना चाहिए ताकि पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण कर त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जन चौपाल में ग्राम दुरुगपाली, विकासखंड बसना के लाल बिहारी साहू ने शौचालय निर्माण में जाली हस्ताक्षर कर राशि आहरण की शिकायत की, जिस पर कलेक्टर ने सीईओ बसना को तत्काल जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसी तरह, विभिन्न गांवों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं और मांगें रखीं –ग्राम तमोरा (बागबाहरा) के द्वारका प्रसाद पांडे ने मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल की मांग की।ग्राम गौरिया सांकरा के रंजीत भोई ने वन अधिकार भूमि का सीमांकन कराने का अनुरोध किया।ग्राम बिरकोनी के नोहर महिलांग ने दीनदयाल भूमिहीन मजदूर न्याय योजना की राशि दिलाने की मांग की।ग्राम भुरकोनी (पिथौरा) के ग्रामवासियों ने अवैध कब्जा हटाने की मांग रखी।ग्राम नवापारा (महासमुंद) में नया उपार्जन केंद्र खोलने की मांग की गई।अमृतलाल भोई (महासमुंद) ने ग्राम परसकोल में भवन निर्माण की राशि दिलाने का आग्रह किया।सुरिंदर सिंह (महासमुंद) ने ग्राम पंचायत खरोरा में मुख्य मार्ग पर अवैध दुकानों के निर्माण पर कार्रवाई की मांग की।ग्राम तिहारीपाली (सराईपाली) के रंजीत यादव ने जाति प्रमाण पत्र बनाने का आवेदन दिया।ग्राम लभरा खुर्द निवासी यांशिव कुमार ध्रुव ने जाति एवं निवास प्रमाण पत्र में त्रुटि सुधार की मांग की।
कलेक्टर लंगेह ने सभी आवेदनों को प्राथमिकता के साथ निपटाने हेतु संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।