हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता: 15 अगस्त तक देशभक्ति की भावना से सराबोर रहेगा महासमुंद… कलेक्टर लंगेह ने दिए व्यापक अभियान संचालन के निर्देश।

Share Now

विकास नंद/ सर्वव्यापी/

राष्ट्र के गौरव और एकता का प्रतीक तिरंगा, इस स्वतंत्रता दिवस पर महासमुंद जिले के हर घर, हर गली और हर दिल में लहराएगा।

79वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में 2 से 15 अगस्त तक जिलेभर में “हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता – स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग” थीम पर आधारित भव्य अभियान का आयोजन किया जा रहा है।

यह अभियान तीन चरणों में संचालित होगा – प्रथम चरण 2 से 8 अगस्त, द्वितीय चरण 9 से 12 अगस्त और तृतीय चरण 13 से 15 अगस्त तक चलेगा।

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में हुई बैठक में इसकी रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम गरिमा, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ संपन्न हों।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार, जनपद सीईओ, सीएमओ एवं जिला स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।

कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक ग्राम और वार्ड में तिरंगा झंडे की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। इसके लिए स्व-सहायता समूहों के माध्यम से वितरण की व्यवस्था की जाएगी।

साथ ही, तिरंगा खरीदने हेतु नागरिकों को डाकघरों से झंडा क्रय करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

अभियान के दौरान तिरंगा यात्रा, तिरंगा रैली, तिरंगा मैराथन, सेल्फी विद तिरंगा जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं, सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा कैनवास लगाए जाएंगे, जहां लोग किसी भी भारतीय भाषा में “हर घर तिरंगा” और “जय हिन्द” लिख सकेंगे।स्कूलों और महाविद्यालयों में देशभक्ति गीतों के साथ तिरंगा फहराने के आयोजन होंगे। साथ ही आयोजन स्थलों पर तिरंगा झंडा, देशभक्ति वस्त्र और खाद्य सामग्री के विक्रय हेतु स्टॉल भी लगाए जाएंगे।

कलेक्टर ने कहा कि झंडा संहिता के अनुसार झंडा हमेशा साफ-सुथरा, प्रेस किया हुआ और पूर्ण आकार (3:2 अनुपात) में हो। कटा-फटा या मैला झंडा उपयोग न किया जाए। उन्होंने आम जनता से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि तिरंगा यात्रा से जुड़े आयोजन harghartiranga.com पर रजिस्टर्ड भी किए जा सकते हैं।

इस अभिनव पहल से जिले में देशभक्ति की भावना का व्यापक संचार होगा और नागरिकों में राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति सम्मान और जागरूकता और अधिक बढ़ेगी।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!