विकास नंद/सर्वव्यापी/
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर रोक लगाने के लिए खनिज विभाग द्वारा सतत कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आज महासमुंद विकासखंड अंतर्गत ग्राम घोड़ारी (तहसील) के महानदी क्षेत्र में अवैध रूप से रेत का भंडारण और लोडिंग करते हुए एक बड़ी कार्रवाई की गई।
संयुक्त टीम द्वारा मौके से 2 चैन माउंटेन और 3 ट्रैक्टर वाहनों को जब्त किया गया। जब्त किए गए वाहनों को सुरक्षार्थ तुमगांव थाना परिसर में खड़ा किया गया है।
खनिज अधिकारी योगेन्द्र सिंह ने जानकारी दी कि इन वाहनों पर खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 के अंतर्गत कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। इस अधिनियम के तहत दोषियों को 2 से 5 वर्ष की सजा का प्रावधान है।
साथ ही संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर न्यायालय में परिवाद प्रस्तुत किया जाएगा।उन्होंने यह भी बताया कि पूर्व में भी सभी खनिज पट्टेदारों और परिवहनकर्ताओं को स्पष्ट निर्देश दिए जा चुके हैं कि बिना वैध अभिवहन पास के खनिज का उत्खनन, परिवहन अथवा भंडारण करना कानूनन अपराध है।
कलेक्टर लंगेह के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनिज गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा और इस प्रकार की अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।