विकास नंद/ सर्वव्यापी/
कलेक्टर एवं दावा निपटान आयुक्त विनय कुमार लंगेह द्वारा सड़क दुर्घटनाओं में हुई जनहानि को दृष्टिगत रखते हुए कुल 2 लाख 50 हजार रुपए की प्रतिकर सहायता राशि स्वीकृत की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर तुमगांव रायपुर बाईपास से तुमगांव ओवरब्रिज के मध्य टक्कर मारकर भागने वाले अज्ञात मोटरयान से हुई दुर्घटना में महासमुंद निवासी सुरेश साहू की मृत्यु हो गई थी।
इस दुखद घटना में मृतक की विधिक प्रतिनिधि एवं पत्नी संगीता साहू को दो लाख रुपये की प्रतिकर सहायता राशि प्रदान की गई है।
इसी प्रकार, ग्राम खैरा के पास संजय कानन क्षेत्र में नयापारा महासमुंद निवासी ममता देवार को अज्ञात वाहन द्वारा टक्कर मारने से गंभीर चोटें आई थीं। उन्हें घायल अवस्था में चिकित्सा सहायता दी गई तथा अब उन्हें 50 हजार रुपए की प्रतिकर सहायता राशि स्वीकृत की गई है।
प्रशासन द्वारा इस निर्णय से पीड़ित परिवारों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।