विकास नंद/सर्वव्यापी/
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के 11 अगस्त को प्रस्तावित महासमुंद जिले के बसना विकासखंड के ग्राम दुर्गापाली आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मुख्यमंत्री “एक पेड़ माँ के नाम” के तहत आयोजित वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम में शामिल होंगे।
इस कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने आज जिले के कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ग्राम दुर्गापाली पहुंचे। उन्होंने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था, मंच सज्जा, बैठक व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, चिकित्सा, विद्युत व्यवस्था एवं आवागमन के मार्ग सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की।
कलेक्टर लंगेह ने मौके पर मौजूद सभी संबंधित अधिकारियों को समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में किसी भी प्रकार की कमी न रहे, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
कलेक्टर ने सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस विभाग को विशेष सतर्कता बरतने तथा यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
ज्ञात हो कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के इस दौरे के दौरान ग्राम दुर्गापाली में वृहद वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा, जिसमें जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में भाग लेंगे।