विकास नंद/सर्वव्यापी/
सरायपाली विकासखंड के कई गांव इन दिनों भीषण सुखे की चपेट में आ गए हैं। मौसम की बेरुखी के चलते क्षेत्र में किसानों की धान, दलहन और तिलहन फसलें मुरझाने लगी हैं। धान के खेतों में जगह-जगह दरारें पड़ गई हैं, जिससे किसानों की चिंता और बढ़ गई है।ग्रामीण किसानों का कहना है कि पिछले 15 से 20 दिनों से एक बूंद भी बारिश नहीं हुई है। इससे खेतों की नमी खत्म हो चुकी है और रोपे गए पौधे सूखने की कगार पर हैं। सावन माह लगभग बीतने को है, लेकिन अब तक पर्याप्त वर्षा नहीं होने से खेती-बाड़ी का काम पिछड़ गया है।क्षेत्र के अधिकांश किसान वर्षा आधारित खेती पर निर्भर हैं। समय पर पानी न मिलने से न केवल वर्तमान फसल पर संकट मंडरा रहा है, बल्कि आगामी रबी सीजन की तैयारी पर भी असर पड़ सकता है। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि अगर जल्द ही बारिश नहीं होती, तो वैकल्पिक सिंचाई के उपाय और सूखा राहत योजनाएं लागू की जाएं, ताकि उनकी मेहनत और निवेश व्यर्थ न जाए।