विकास नंद/सर्वव्यापी/
भारत सरकार के नीति आयोग एवं अटल इनोवेशन मिशन के निर्देशानुसार 12 अगस्त को आयोजित देशव्यापी टिंकरिंग एक्टिविटी में महासमुंद जिले ने नया कीर्तिमान स्थापित किया। जिले के जिला शिक्षा अधिकारी विजय लहरें एवं एडीपीओ सतीश नायर के नेतृत्व में जिले के सभी अटल टिंकरिंग लैब (एटीएल) में 700 से अधिक छात्रों ने एक साथ वैक्यूम क्लीनर निर्माण का प्रदर्शन किया।सुबह 10 से 11 बजे तक ऑनलाइन ज़ूम के माध्यम से तकनीकी मार्गदर्शन प्राप्त कर छात्रों ने एटीएल लैब में उपलब्ध डीसी मोटर, प्रोपेलर, फिल्टर, बैटरी तथा प्लास्टिक बोतल से वैक्यूम क्लीनर तैयार किया। निर्माण के दौरान सोल्डरिंग, कटर, ग्लू, सर्किट कनेक्शन जैसी तकनीकों का अभ्यास करते हुए छात्रों ने तैयार मशीन का तत्काल उपयोग कर इसकी कार्यप्रणाली भी प्रदर्शित की।
यह आयोजन एटीएल महासमुंद, बेलसांडा, पटेवा, खट्टी, बिरकोनी, पैकिन, भंवरपुर, गोड़बहाल, गांजर, मांगरापाली, मुनगासेर, कुटेला सहित जिले के सभी एटीएल में सफलतापूर्वक हुआ।
देश के 722 जिलों के 9467 एटीएल में कुल 4,73,358 छात्रों ने एक साथ इस एक्टिविटी में भाग लेकर नवाचार के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।अटल इनोवेशन मिशन के माध्यम से देशभर में 10,000 अटल टिंकरिंग लैब की स्थापना का उद्देश्य स्कूली छात्रों में इनोवेशन और प्रयोगात्मक शिक्षा को बढ़ावा देना है।
ऐसे सामूहिक आयोजनों से विद्यार्थियों में तकनीकी समझ और रचनात्मकता को नई दिशा मिल रही है।