तरुण कौशिक/संपादक सर्वव्यापी/
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा महाराष्ट्र में 79 वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा ने कहा कि नया भारत आत्म चैतन्य से युक्त हो रहा है. कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा ने विश्वविद्यालय के वनस्पति भवन के प्रांगण में ध्वजारोहण किया।विश्वविद्यालय के शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी और विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आज़ादी की परिकल्पना समाज में रहकर ही की जा सकती है। इसके लिए विवेक की जरूरत है। हमारा राष्ट्र प्रस्थान के ऐसे बिंदु पर खड़ा है जहां उसे विकसित राष्ट्रों से होड करनी है। हम विकसित भारत का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रहे हैं और एक नए भारत का उदय हो रहा है। उन्होंने देश की आज़ादी के लिए योगदान देने वाले तमाम नायकों का स्मरण करते हुए कहा कि भारत कभी भी दैन्य का शिकार नहीं था। जब भारत पराधीनता की बेड़ी में जकड़ा हुआ था तब भी भारत के लोगों ने कहा था कि हम दीनहिन नहीं है, हम कर्म के साथ अपना अधिकार मांगते हैं और अपना अधिकार छीनना भी जानते हैं। आज हमारे समक्ष विकसित राष्ट्र से हमारी होड़ की लड़ाई है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति का उल्लेख करते हुए कुलपति ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना के सूत्र राष्ट्रीय शिक्षा नीति से जुड़े हुए हैं। यह नीति एक तरह से श्रमिकों से फसलों से व मौसम से संवाद का एक ठोस उपक्रम भी है, जो सही मायनों में भारत को भारत बना सकती है। हम विकसित भारत का लक्ष्य लिए हुए उन्नत और समृद्ध भारत की ओर बढ़ रहे हैं। हमें अपनी क्षमता और सामर्थ्य से देश की पहचान को दिखाने में कैसे योगदान दे सकते हैं इस पर विचार करना चाहिए। विकसित भारत में युवाओं की भूमिका का जिक्र करते हुए कुलपति ने कहा कि युवाओं को साथ लेकर हमें नेतृत्व करना है। जलवायु परिवर्तन, पर्यावरण संरक्षण, डिजिटलीकरण आदि में नेतृत्व करने के लिए युवाओं को साथ आगे बढ़ना होगा। उन्होंने सभी से आह्वान करते हुए कहा कि देश की आर्थिक प्रगति राजनीतिक समझ और पहचान को बनाने की दिशा में हमें अपना योगदान देना चाहिए। अपने जीवन को सवारते हुए देश के भविष्य को भी संवारना चाहिए। कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा ने गांधी हिल्स पर महात्मा गांधी एवं समता भवन स्थित बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। ध्वजारोहण के अवसर पर मंच पर अधिष्ठाता प्रो. हनुमानप्रसाद शुक्ल, प्रो. अवधेश कुमार, प्रो. गोपाल कृष्ण ठाकुर, प्रो. फरहद मलिक, प्रो. जनार्दन कुमार तिवारी, प्रो. दिगंबर तंगलवाड, पुस्तकालय अध्यक्ष मैत्रेयी घोष, कुलसचिव प्रो. आनन्द पाटील, वित्त अधिकारी पी. सरदार सिंह एवं परीक्षा नियंत्रक का़दर नवाज़ ख़ान उपस्थित थे। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के शिक्षकों कर्मचारियों एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की उपस्थिति रही। ध्वजारोहण के बाद कुलपति ने प्रो. कुमुद शर्मा ने पौधारोपण करते हुए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का शुभारंभ किया। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर विश्वविद्यालय में हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम एवं उपक्रम लिए गए जिसमें सभी ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया।