विकास नंद/ सर्वव्यापी/

ओसाका वर्ल्ड एक्सपो में छत्तीसगढ़ की भागीदारी से पूर्व मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने टोक्यो प्रवास की शुरुआत आध्यात्मिकता, तकनीक और व्यापार कूटनीति के संगम के साथ की।
टोक्यो पहुंचकर मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक असाकुसा मंदिर में पूजा-अर्चना कर छत्तीसगढ़ की 3 करोड़ जनता की खुशहाली और समृद्धि की कामना की।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार यह मंदिर शांति और शक्ति का प्रतीक है, उसी प्रकार छत्तीसगढ़ भी शांति, सामर्थ्य और समृद्धि से परिपूर्ण राज्य बनेगा।तकनीकी सहयोग की दिशा में मुख्यमंत्री साय ने एनटीटी लिमिटेड (NTT Ltd.) की सीईओ कायो इतो से मुलाकात की।
वार्षिक 90 अरब डॉलर की आय वाली यह कंपनी विश्व की अग्रणी डिजिटल समाधान प्रदाता है।
बैठक में छत्तीसगढ़ में डिजिटल इकोसिस्टम और तकनीकी निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई।शाम को भारत के जापान में राजदूत सिबी जॉर्ज द्वारा आयोजित औपचारिक रात्रिभोज में मुख्यमंत्री साय ने इंडो-पैसिफिक देशों को उद्योग और व्यापार के माध्यम से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने जापान की उन्नत तकनीक और भारत की कुशल जनशक्ति के संयोजन को औद्योगिक सहयोग का मजबूत आधार बताया।
साथ ही छत्तीसगढ़ को जापानी पर्यटकों के लिए आकर्षक गंतव्य बनाने पर भी जोर दिया।
मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में इस पहले दिन व्यापार, तकनीक और कूटनीति से जुड़े अहम अवसरों की खोज की गई।
यह प्रवास छत्तीसगढ़ को डिजिटल नवाचार, औद्योगिक विकास और वैश्विक साझेदारी के उभरते केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।