विकास नंद/ सर्वव्यापी/
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जापान प्रवास निवेश और नवाचार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ। टोक्यो में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री ने जापान एक्सटर्नल ट्रेड ऑर्गनाइजेशन (JETRO) के वरिष्ठ प्रतिनिधियों नाकाजो काज़ुया, एंडो युजी और श्री हारा हारुनोबू से भेंटकर आईटी, टेक्सटाइल्स, एयरोस्पेस, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स और स्वच्छ ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में छत्तीसगढ़ की अपार संभावनाओं पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री साय ने जेट्रो प्रतिनिधियों को प्रदेश की तेज़ी से प्रगति कर रही अर्थव्यवस्था और निवेश अनुकूल वातावरण का परिचय देते हुए छत्तीसगढ़ में नए औद्योगिक अवसर तलाशने का आमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पारदर्शी नीतियों, सरल प्रक्रियाओं और मजबूत औद्योगिक आधारभूत संरचना के जरिए वैश्विक निवेशकों को आकर्षित कर रही है।अपने प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर आयोजित ‘Deep Space – To the Moon & Beyond’ प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष विज्ञान और नवाचारों की यह झलक, राजनांदगांव जिले में भारत सरकार के सहयोग से विकसित हो रहे स्पेस मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर को नई दिशा और प्रेरणा देगी।मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इस यात्रा से छत्तीसगढ़ को निवेश, नवाचार और प्रौद्योगिकी हस्तांतरण के क्षेत्र में ठोस लाभ प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश का लक्ष्य न केवल औद्योगिक आत्मनिर्भरता हासिल करना है बल्कि अंतर्राष्ट्रीय सहयोग के माध्यम से छत्तीसगढ़ को विश्व पटल पर सशक्त पहचान दिलाना भी है।