विकास नंद/ सर्वव्यापी/
शिक्षक दिवस के अवसर पर आज राजभवन के छत्तीसगढ़ मण्डपम् में राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह गरिमामय ढंग से आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वर्ष 2024 के 64 उत्कृष्ट शिक्षकों को राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित किया। साथ ही स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने वर्ष 2025 के लिए चयनित शिक्षकों के नामों की घोषणा की।
मुख्य अतिथि राज्यपाल रमेन डेका ने भारत के प्रथम उपराष्ट्रपति और प्रख्यात शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को नमन करते हुए कहा कि शिक्षा मानव के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि एक शिक्षक अपने विद्यार्थियों के लिए रोल मॉडल होता है और विद्यार्थियों को जीवन की चुनौतियों का सामना करने का साहस सिखाता है। राज्यपाल ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को गेम चेंजर बताते हुए कहा कि मातृभाषा में शिक्षा बच्चों को सहज और रुचिकर बनाती है।
समारोह की अध्यक्षता कर रहे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि शिक्षक ही सच्चे राष्ट्र निर्माता होते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के बिना जीवन अधूरा है और प्रदेश ने 25 वर्षों में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 20 से अधिक विश्वविद्यालय, 15 मेडिकल कॉलेज, आईआईटी, आईआईएम और एम्स जैसे संस्थान स्थापित हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि प्रत्येक बच्चे तक शिक्षा सरलता से पहुंचे, इसी उद्देश्य से गांव-गांव में विद्यालय खोले जा रहे हैं।
विशिष्ट अतिथि स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति से प्रदेश में शिक्षा का स्तर और बेहतर होगा। उन्होंने आगामी वर्ष के लिए चयनित 64 शिक्षकों के नामों की घोषणा की।
समारोह में चार उत्कृष्ट शिक्षकों को विशिष्ट स्मृति पुरस्कार भी प्रदान किए गए—
सूरजपुर जिले के अजय कुमार चतुर्वेदी (डॉ. पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी स्मृति पुरस्कार)
कबीरधाम जिले के रमेश कुमार चंद्रवंशी ( गजानन माधव मुक्तिबोध स्मृति पुरस्कार)
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की सुनीता यादव (डॉ. मुकुटधर पाण्डेय स्मृति पुरस्कार)
रायगढ़ जिले के भोजराम पटेल (डॉ. बलदेव प्रसाद मिश्र स्मृति पुरस्कार)
इस अवसर पर स्कूल शिक्षा सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी ने स्वागत भाषण और संचालक लोक शिक्षण ऋतुराज रघुवंशी ने आभार प्रदर्शन किया।
समारोह में राज्यपाल की धर्मपत्नी रानी डेका काकोटी, विधायक पुरन्दर मिश्रा, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, समग्र शिक्षा के प्रबंध संचालक संजीव झा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक और अधिकारी उपस्थित रहे।


