विकास नंद/ सर्वव्यापी/
महासमुंद शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सहायक शिक्षक अमित कुमार उइके, जो कि शासकीय प्राथमिक शाला खट्टाडीह संकुल टेमरी (अ) में पदस्थ हैं, को विकासखंड स्तरीय उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान उन्हें रजत जयंती महोत्सव 2025 के अवसर पर आयोजित समारोह में प्रदान किया गया।
अमित कुमार उइके को यह सम्मान शिक्षा की गुणवत्ता सुधार, नवीन शैक्षणिक गतिविधियों, पुस्तक लेखन, डिजिटल संसाधन निर्माण और बच्चों की प्रतिभा निखारने के लिए किए गए सतत प्रयासों के आधार पर दिया गया।
कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने उन्हें प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया।विद्यालय में सीखने का वातावरण जीवंत बनाने हेतु उन्होंने कई नवाचार किए हैं।
प्राथमिक शिक्षा को रोचक और बच्चों के अनुकूल बनाने के लिए वे पुस्तक लेखन में सक्रिय रहे हैं। उनकी शैक्षणिक एवं रचनात्मक पुस्तकें बच्चों की जिज्ञासा जगाने और सीखने की प्रक्रिया को सरल बनाने में सहायक हो रही हैं। साथ ही, उन्होंने आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए वैज्ञानिक कहानियों और शैक्षिक पॉडकास्ट की श्रृंखला भी तैयार की है, जिससे ग्रामीण अंचल के बच्चे डिजिटल माध्यम से ज्ञान प्राप्त कर रहे हैं।
FLN (Foundational Literacy and Numeracy) के लक्ष्य को हासिल करने, भाषा एवं गणितीय दक्षताओं को विकसित करने और बच्चों की सीखने की प्रक्रिया को आनंदमय बनाने के लिए उनके प्रयास लगातार जारी हैं।सम्मान प्राप्त करने पर अमित कुमार उइके ने कहा— “यह सम्मान मेरे लिए प्रेरणा है।
मेरा उद्देश्य बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
आने वाले समय में मैं और भी रचनात्मक गतिविधियाँ व डिजिटल संसाधन तैयार कर बच्चों की सीखने की प्रक्रिया को आनंदमय बनाऊँगा।
”उनकी उपलब्धि पर प्रधान पाठिका श्रद्धा महानंद, प्राचार्य मदनलाल पटेल, संकुल समन्वयक राधेश्याम निराला सहित संकुल टेमरी (अ) के समस्त शिक्षक–शिक्षिकाओं ने हर्ष व्यक्त किया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में शिक्षक, अभिभावक, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


