विकास नंद/ सर्वव्यापी/
सरायपाली विकासखंड के संकुल सिंघोड़ा अंतर्गत शासकीय उच्च प्राथमिक शाला रिमजी में शनिवार को शिक्षक दिवस बड़ी धूमधाम और नई पहल के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सभी छात्रों के अभिभावकों को विशेष आमंत्रण पत्र देकर बुलाया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत में शिक्षकों और अभिभावकों ने मिलकर डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के छायाचित्र पर माला एवं गुलाल अर्पित कर पूजा-अर्चना की। माता-पिता को प्रथम गुरु मानते हुए छात्रों ने सबसे पहले अपने-अपने पालकों को माला, श्रीफल एवं गुलाल भेंट कर आशीर्वाद लिया।
इस भावुक पल में लगभग सभी अभिभावक उपस्थित रहे और गर्व तथा खुशी से अभिभूत हुए।इसके पश्चात विद्यार्थियों ने शिक्षकों का भी पारंपरिक ढंग से सम्मान किया। प्रभारी प्रधान पाठक ओमप्रकाश साव ने इस अवसर पर डॉ. राधाकृष्णन के शिक्षा और शिक्षकों के महत्व पर दिए गए विचारों को याद करते हुए कहा कि शिक्षा ही बच्चों को जीवन में कीर्तिमान बनाने का आधार है।
शिक्षक कमल नारायण भोई ने प्रेरक गीत प्रस्तुत कर वातावरण को ऊर्जावान बना दिया।शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष बलदेव प्रधान तथा उपस्थित अभिभावकों ने इस अनोखी पहल पर खुशी जाहिर की।
कई माताओं ने अपने घर पर बच्चों की पढ़ाई और दिनचर्या को साझा किया।
बाल केबिनेट मंत्री जोशन कलेत और इको क्लब प्रेसिडेंट ने शाला में छत्तीसगढ़ रजत जयंती वर्ष के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रमों और विकास कार्यों की जानकारी दी।कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों ने दैनिक जीवन से जुड़े 10 वैज्ञानिक प्रयोगों का प्रदर्शन किया और शिक्षकों को भेंट भी प्रदान की।
अंत में शिक्षक ओमप्रकाश साव ने सभी बच्चों को न्योता भोज स्वरूप खीर-पूड़ी और सब्जी परोसी।यह कार्यक्रम अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों सभी के लिए यादगार और भावनात्मक रहा।