विकास नंद/ सर्वव्यापी
आदि कर्मयोगी अभियान के अंतर्गत जिला पंचायत सभाकक्ष में उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष मोगरा पटेल, उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर, सभी जिला पंचायत सदस्य एवं जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार उपस्थित थे।
कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर निलेश खांडे द्वारा सभी जनप्रतिनिधियों एवं जिला स्तरीय अधिकारियों को अभियान की विस्तृत जानकारी दी गई। अभियान के पहले चरण में जिले के पांचों विकासखण्ड से 50 मास्टर ट्रेनर्स को प्रशिक्षित किया गया है। ये ट्रेनर्स अपने-अपने विकासखण्डों में उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित कर आदि सहयोगी टीम का गठन करेंगे, जिनमें शिक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, चिकित्सक, युवा नेता और सामाजिक मुखिया शामिल होंगे।अभियान के तीसरे चरण में आदि साथी के रूप में ऐसे हितग्राहियों की पहचान की जाएगी जिन्हें योजनाओं का सीधा लाभ दिया जाना है।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री जनजातीय न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) और धरती आबा जनजातीय उत्कर्ष अभियान अंतर्गत विशेष पिछड़ी जनजाति (कमार) समुदाय के लिए 9 मंत्रालयों की 11 योजनाओं से संतृप्ति का कार्य किया जा रहा है।महासमुंद जिले के 308 जनजातीय बाहुल्य ग्रामों में 17 मंत्रालयों की 25 योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाएगा। इसमें महासमुंद विकासखण्ड के 25, बागबाहरा के 33, पिथौरा के 210, बसना के 24 और सरायपाली विकासखण्ड के 16 ग्राम शामिल हैं।
इसी क्रम में सभी विकासखण्ड मुख्यालयों में भी एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित हुआ।
महासमुंद जनपद पंचायत में सीईओ बी.एस. मंडावी के निर्देशन में कार्यक्रम संपन्न हुआ, जिसमें ग्राम स्तर पर बनने वाली योजनाओं के क्रियान्वयन संबंधी जानकारी दी गई। कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष दिशा दीवान एवं उपाध्यक्ष हुलसी चंद्राकर सहित जनपद प्रतिनिधि एवं मास्टर ट्रेनर्स मौजूद थे।