विकास नंद/ सर्वव्यापी/
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप प्रदेश के शैक्षणिक संस्थानों में युक्तियुक्तकरण प्रक्रिया से पढ़ाई में निरंतरता आई है। शिक्षा विभाग द्वारा इस योजना को अमलीजामा पहनाते हुए जिन शालाओं में शिक्षक अधिक थे, उन्हें उन विद्यालयों में पदस्थ किया गया जहाँ शिक्षक की कमी थी।
महासमुंद जिले में भी इस प्रक्रिया के तहत विद्यालयों का समायोजन किया गया। युक्तियुक्तकरण एवं दर्ज संख्या के अनुपात में बसना विकासखण्ड में 126, सरायपाली में 152, पिथौरा में 139, महासमुंद में 211 तथा बागबाहरा में 75, इस तरह कुल 703 शिक्षकों का समायोजन काउंसलिंग के माध्यम से किया गया।
इस प्रक्रिया से उन विद्यालयों में शिक्षकों की कमी पूरी हुई जहाँ वर्षों से विद्यार्थियों को विषयवार शिक्षकों की अनुपलब्धता की समस्या झेलनी पड़ रही थी।
बसना विकासखंड अंतर्गत हाई स्कूल संतपाली के विद्यार्थियों को अब गणित विषय के शिक्षक उपलब्ध हो गए हैं। इसी क्रम में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दुर्गापाली को भौतिकी विषय हेतु शिक्षक मिले हैं।
इन विद्यालयों में शिक्षकों की नियुक्ति से छात्रों और पालकों में खुशी का माहौल है। उनका कहना है कि सरकार के इस निर्णय से बच्चों को अब बेहतर मार्गदर्शन मिलेगा और उनका भविष्य उज्ज्वल होगा।