विकास नंद/सर्वव्यापी/
महासमुंद कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार जिले के कृषकों को गुणवत्तापूर्ण कृषि आदान सामग्री उपलब्ध कराने हेतु कृषि विभाग द्वारा लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है।
जिला स्तरीय निरीक्षण दल एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारियों की संयुक्त टीम ने अब तक 90 कृषि आदान केन्द्रों एवं विक्रय स्थलों का निरीक्षण किया है।उप संचालक कृषि एफ.आर. कश्यप ने बताया कि 01 अप्रैल 2025 से खरीफ मौसम प्रारंभ होने के बाद से अब तक की स्थिति में 55 दुकानों को उर्वरक नियंत्रण आदेश का पालन नहीं करने पर कारण बताओं नोटिस जारी किया गया। इनमें से 35 दुकानों का जवाब संतोषप्रद न होने पर उनका उर्वरक प्राधिकार पत्र 15 दिवस के लिए निलंबित किया गया है।
निलंबित दुकानों में प्रमुख रूप से मेसर्स गुलशन कृषि केन्द्र झलप, शिव कृषि केन्द्र पासिद, मोनू कृषि केन्द्र तुमगांव, भानू फर्टिलाइजर महासमुंद, बीना एग्रोटेक झलप, आनंद एग्रो एंड सर्विसेज तुमगांव, अमूल्या खाद भंडार झलप, ओम भवानी कृषि केन्द्र तुसदा, जय मां भीमेश्वरी सुनसुनिया, गीतांजली बीज भंडार तेन्दुकोना, श्रीहरि कृषि केन्द्र बागबाहरा, शिवम बीज भंडार बागबाहरा, श्री गणेश कृषि केंद्र बागबाहरा, आर.एस. ट्रेडर्स बागबाहरा, मनीष कृषि सेवा केन्द्र झगरेनडीह, पटेल कृषि सेवा केन्द्र मेमरा, जय किसान ट्रेडर्स लाखागढ़, शुभम् कृषि सेवा केन्द्र कौहाकुड़ा, कुलदीप कृषि सेवा केन्द्र पिथौरा, शिवम् कृषि सेवा केन्द्र पिथौरा, राज कृषि सेवा केन्द्र भगतदेवरी, खत्री ट्रेडर्स सांकरा, बजरंग कृषि सेवा केन्द्र सांकरा, महेश ट्रेडिंग कंपनी बसना, कंसल खाद भंडार बसना, सिंधु कृषि सेवा केन्द्र बंसुला, प्रेम कृषि सेवा केन्द्र सागरपाली, सृष्टि इंटरप्राईजेस भूकेल, पटेल कृषि सेवा केन्द्र सरायपाली, कृषि दुनिया सरायपाली, प्रधान कृषि सेवा केन्द्र सरायपाली, ओम फर्टिलाइजर सरायपाली, अग्रवाल ट्रेडर्स सरायपाली, राजेश अग्रवाल सरायपाली एवं सरायपाली स्वाभिमान महिला प्रोड्यूसर कंपनी सरायपाली शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त, खत्री बीज भंडार सांकरा द्वारा बिना पी.सी. के बीज क्रय करने पर उनके बीज विक्रय पर 21 दिवस का प्रतिबंध लगाया गया है।
बसना विकासखंड के समलेश्वरी कृषि सेवा केन्द्र में अवैध रूप से रखे गए 57 बोरी डी.ए.पी. जप्त कर राजसात की कार्यवाही की गई है। वहीं मेसर्स लक्ष्मी कृषि सेवा केन्द्र खट्टी में अमानक डी.ए.पी. उर्वरक पाए जाने पर विक्रय पर 21 दिवस का प्रतिबंध लगाया गया है एवं राजसात की कार्यवाही प्रक्रियाधीन है।
किसानों की सुविधा हेतु प्रशासन ने भी पहल की है।
मेसर्स राजेश अग्रवाल सरायपाली के प्रतिष्ठान से 220 बोरी एवं मेसर्स ओम फर्टिलाइजर सरायपाली से 270 बोरी यूरिया किसानों को सरकारी दर पर उपलब्ध कराया गया।
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व महासमुंद, बागबाहरा, पिथौरा, बसना एवं सरायपाली की टीमों ने भी कृषि विभाग के साथ मिलकर निरीक्षण किया और दुकानदारों को सही कीमत पर एवं पी.ओ.एस. मशीन के माध्यम से ही उर्वरक बेचने के निर्देश दिए।
कलेक्टर लंगेह ने स्पष्ट किया है कि खरीफ मौसम में यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
कृषकों से अपील की गई है कि वे किसी भी फर्म से आदान सामग्री खरीदते समय बिल अवश्य लें, ताकि उन्हें गुणवत्तापूर्ण सामग्री प्राप्त हो सके और भविष्य में किसी प्रकार की समस्या न आए।