विकास नंद/ सर्वव्यापी/
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार एवं जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरे के मार्गदर्शन में विकासखंड सरायपाली में मध्यान्ह भोजन संचालन समिति का गठन किया गया है।
इस समिति का उद्देश्य शासकीय एवं अनुदान प्राप्त प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक शालाओं में परोसे जाने वाले मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, सुरक्षा और साफ-सफाई सुनिश्चित करना है।
समिति की अध्यक्षता एसडीएम अनुपमा आनंद करेंगी, जबकि सचिव के रूप में जनपद पंचायत सरायपाली के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अमित कुमार हलदार रहेंगे।
समिति में विकासखंड शिक्षा अधिकारी प्रकाश चंद मांझी, स्वास्थ्य विभाग से कुणाल नायक, खाद्य निरीक्षक अविनाश दुबे, सहकारिता निरीक्षक रविंद्र कुमार नायक, महिला एवं बाल विकास विभाग से दीक्षा बारिक, सामाजिक कार्यकर्ता किशन लाल पटेल सहित कई सरपंच व प्रतिनिधियों को सदस्य बनाया गया है।
बैठक में एसडीएम एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने मध्यान्ह भोजन संचालन के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। इसमें खाद्य सुरक्षा प्रोटोकॉल, स्वच्छता, भंडारण व्यवस्था, रसोइयों का प्रशिक्षण, समुदाय की भागीदारी, नियमित निरीक्षण एवं जवाबदेही पर विशेष जोर दिया गया।
निर्देशों में रसोई और किचन शेड की सफाई, सब्जियों-चावल की धुलाई, बर्तनों की स्वच्छता, बच्चों को भोजन से पहले हाथ धुलवाना, रासायनिक पदार्थों को रसोई से दूर रखना और भोजन परोसने से पहले उसका परीक्षण करने पर बल दिया गया।
समिति समय-समय पर विद्यालयों का निरीक्षण कर गुणवत्ता सुनिश्चित करेगी।
साथ ही सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं पंचायत प्रतिनिधियों की भागीदारी से इस अभियान को और प्रभावी बनाया जाएगा।
समिति सदस्य किशन पटेल ने सुझाव दिया कि ग्राम पंचायत स्तर पर स्कूलों में RO पेयजल सुविधा भी उपलब्ध कराई जाए, ताकि बच्चों को स्वच्छ पानी मिल सके।