विकास नंद/ सर्वव्यापी/
नगर पालिका प्रशासन ने शुक्रवार को शासकीय भूमि पर हो रहे अवैध निर्माण पर बड़ी कार्रवाई की। तहसीलदार कार्यालय से मिले निर्देश पर पालिका टीम ने शासकीय सेवक भुजरंग साय पैकरा द्वारा बिना अनुमति शासकीय भूमि पर लगाए जा रहे गेट को जप्त कर लिया।
सूचना मिलने पर राजस्व विभाग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल प्रभाव से निर्माण कार्य पर रोक लगाने का आदेश जारी किया था इसके बाद नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंची और निर्माणाधीन गेट को जप्त कर लिया।
स्थानीय निवासी सौरभ गोयल ने तहसीलदार को आवेदन देकर शिकायत की थी कि ग्राम सरायपाली स्थित खसरा नंबर 777 पर शासकीय भूमि पर भुजरंग साय पैकरा, जो वर्तमान में रायगढ़ में लोक निर्माण विभाग राष्ट्रीय राजमार्ग अनुविभाग में पदस्थ हैं, अवैध कब्जे के उद्देश्य से पक्का निर्माण कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि उप अभियंता पैकरा के खिलाफ पहले भी तहसील न्यायालय से जुर्माना और बेदखली का आदेश जारी हो चुका है। इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी था।
तहसीलदार श्रीधर पंडा ने इस मामले को गंभीर मानते हुए लोक निर्माण विभाग राष्ट्रीय राजमार्ग के कार्यपालन अभियंता को अतिक्रमण हटाने पत्र भेजा है।
साथ ही आदेश में स्पष्ट किया गया है कि शासकीय भूमि पर बिना विभागीय अनुमति के किसी भी प्रकार का निर्माण पूर्णतः अवैध है।
शुक्रवार को जब स्थल पर गेट लगाने का कार्य किया जा रहा था, तभी पालिका प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए गेट को जप्त कर लिया और वहां मौजूद मजदूरों को भी चेतावनी दी कि यदि वे पुनः इस तरह के निर्माण में संलग्न पाए गए तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


