विकास नंद/ सर्वव्यापी/
जिला कलेक्टर विनय कुमार लंगेह (आईएएस) के निर्देशन और अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सरायपाली अनुपमा आनंद (आईएएस) के नेतृत्व में विकासखंड मुख्यालय सरायपाली में नशामुक्ति जनजागरूकता रैली एवं नुक्कड़ नाटक का सफल आयोजन किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत शासकीय आदर्श बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान से हुई, जहां एसडीएम अनुपमा आनंद ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली में एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड, रेडक्रॉस, स्कूली एवं कॉलेज विद्यार्थी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, विभाग प्रमुख एवं अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। बैनर, पोस्टर और स्लोगन तख्तियों के माध्यम से आमजन को नशामुक्त जीवन का संदेश दिया गया।एसडीएम अनुपमा आनंद ने अपने संबोधन में कहा कि “नशा, नाश की जड़ है। हमें नशामुक्त भारत अभियान को सफल बनाने के लिए निष्ठा से प्रयास करना होगा और समाज को स्वस्थ एवं प्रगतिशील बनाने की दिशा में योगदान देना होगा।” उन्होंने युवाओं से सृजनात्मकता और सकारात्मक ऊर्जा पर ध्यान केंद्रित करने का आह्वान किया।रैली हाईस्कूल मैदान से शुरू होकर शहर के मुख्य चौक-चौराहों से होती हुई पुरानी मंडी तक पहुंची और वहीं से वापस हाईस्कूल मैदान में संपन्न हुई।
इस दौरान जयस्तंभ चौक और पुरानी मंडी परिसर में विद्यार्थियों एवं एनएसएस स्वयंसेवकों ने नुक्कड़ नाटक का जीवंत मंचन कर नशे के दुष्प्रभावों को उजागर किया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा दी।अंत में एसडीएम ने उपस्थित जनसमूह को नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम का संचालन बीआरसीसी सतीश स्वरूप पटेल ने किया।
इस अवसर पर एसडीओपी ललिता मेहर, तहसीलदार श्रीधर पंडा, नायब तहसीलदार हरि भोय, सीईओ अमित कुमार हालदार, बीईओ प्रकाशचंद्र मांझी, बीएमओ डॉ कुणाल नायक, प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं नगरवासी मौजूद रहे।
इसी कड़ी में विकासखंड सरायपाली के 90 मिडिल स्कूल एवं 38 हाई/हायर सेकंडरी स्कूलों में भी नशामुक्ति रैली, पोस्टर-स्लोगन लेखन व विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया, जिससे गांव-गांव और गली-गली में नशामुक्ति का संदेश गूंज उठा।