विकास नंद/ सर्वव्यापी/
आगामी नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को शांति और सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में मनाने के लिए कलेक्टर विनय कुमार लंगेह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पर्वों को सुरक्षित, अनुशासित एवं गरिमामय ढंग से सम्पन्न कराने संबंधी विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।बैठक में जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार, अपर कलेक्टर रवि कुमार साहू, उप पुलिस अधीक्षक प्रतिभा पांडेय, समाज प्रमुख, पुलिस विभाग के अधिकारी, मीडिया प्रतिनिधि एवं समिति के सदस्य मौजूद रहे।
कलेक्टर लंगेह ने कहा कि पर्वों के दौरान किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक या भड़काऊ गतिविधि को प्रशासन प्रोत्साहित नहीं करेगा। बजने वाले गीत धार्मिक, पारंपरिक एवं गरिमा के अनुरूप ही होने चाहिए। उन्होंने कहा कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों के अनुरूप ध्वनि प्रदूषण पर सख्ती से नियंत्रण रखा जाएगा। व्हीकल माउंटेन डीजे पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे तथा अन्य ध्वनि यंत्रों का उपयोग समय सीमा और मानकों के भीतर ही किया जा सकेगा।उन्होंने समितियों को निर्देशित किया कि पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे, बैरिकेडिंग और सुरक्षा की अन्य व्यवस्था अनिवार्य रूप से हो। किसी भी आयोजन के लिए पूर्व अनुमति अनुविभागीय अधिकारी से लेना आवश्यक होगा। रैली व झांकियों के लिए निर्धारित रूट चार्ट का पालन करना होगा।
सार्वजनिक स्थानों पर अस्त्र-शस्त्र, लाठी या डंडों का प्रदर्शन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।कलेक्टर ने कहा कि समितियां अपने वालंटियर तैनात करें, जिससे यातायात बाधित न हो और नागरिकों को असुविधा न हो। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से अपील की कि सोशल मीडिया पर फेक न्यूज या अफवाहें न फैलाएं और बिना पुष्टि किए संदेश फॉरवर्ड न करें।
उप पुलिस अधीक्षक प्रतिभा पांडेय ने बताया कि पुलिस द्वारा संपूर्ण तैयारियां की गई हैं।
संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त बल की तैनाती, गश्त व्यवस्था और सतत निगरानी सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में दुर्गा उत्सव समिति, गौसिया मस्जिद कमेटी, विश्व हिंदू परिषद्, जामा मस्जिद कमेटी, बौद्ध समाज, प्रेस क्लब एवं आम नागरिक उपस्थित रहे और प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।