तरुण कौशिक/संपादक सर्वव्यापी/
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय, वर्धा महाराष्ट्र की कुलपति प्रोफेसर कुमुद शर्मा ने शुक्रवार को केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से नागपुर स्थित उनके निवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर दोनों के बीच विश्वविद्यालय की शैक्षिक गतिविधियों तथा विकास से जुड़े मुद्दों पर सार्थक चर्चा हुई।
प्रो. शर्मा ने मंत्री महोदय को हिंदी विश्वविद्यालय में हाल के वर्षों में हुई शैक्षणिक प्रगति, नए पाठ्यक्रमों की शुरुआत और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार के लिए किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय भाषा, साहित्य और संस्कृति के क्षेत्र में देश-विदेश के विद्वानों के साथ विकास की नई संभावनाएं तलाश रहा है।
नितिन गडकरी ने प्रो. शर्मा का स्वागत करते हुए कहा कि महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय का कार्य हिंदी और भारतीय भाषाओं के भविष्य के लिए अत्यंत महत्त्वपूर्ण है। उन्होंने विश्वविद्यालय द्वारा समाज और राष्ट्र की आवश्यकताओं के अनुरूप शिक्षा और अनुसंधान पर बल देने की सराहना की। गडकरी ने कहा कि वर्धा की धरती का महात्मा गांधी, विनोबा भावे और हिंदी आंदोलन से गहरा नाता है, ऐसे में हिंदी विश्वविद्यालय का राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय रहना गौरव की बात है। केंद्रीय मंत्री ने आश्वस्त किया कि उनकी ओर से विश्वविद्यालय को हर दृष्टि से सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने विश्वविद्यालय और उद्योग जगत के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया ताकि युवा पीढ़ी शिक्षा पूरी करने के बाद आत्मनिर्भर बन सके।इस शिष्टाचार भेंट को विश्वविद्यालय के लिए सकारात्मक और उत्साहवर्धक माना जा रहा है।