तरुण कौशिक/ संपादक सर्वव्यापी/
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा महाराष्ट्र में गुरुवार, 02 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा के द्वारा गांधी हिल पर प्रात: 07:00 बजे महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। इसके बाद डॉ. बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर, पंडित मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अभिवादन किया जाएगा। गांधी हिल पर 07:30 से 08:00 बजे प्रार्थना सभा के अंतर्गत गांधीजी के प्रिय भजनों का गायन होगा। प्रात: 09:30 से 10:30 बजे ग़ालिब सभागार में स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत सफाई कर्मियों एवं पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने वाले वर्धा के महानुभावों का कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा द्वारा सत्कार किया जाएगा। इस अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान के तहत आयोजित हुई तिरंगा रंगोली के विजेताओं, एनसीसी कैडेट, राष्ट्रीय खेल दिवस पर आयोजित खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को तथा गणतंत्र दिवस परेड में सहभागिता करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।
गांधी एवं शांति अध्ययन विभाग की ओर से पूर्वाह्न 11:30 बजे कस्तूरबा सभागार में ‘गांधी विचार, आदर्श एवं सिद्धांत’ विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा की अध्यक्षता में किया जाएगा। इस अवसर पर सारस्वत अतिथि के रूप में केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, नई दिल्ली के कुलपति प्रो. श्रीनिवास वरखेड़ी एवं गुजरात विश्वविद्यालय, अहमदाबाद की कुलपति प्रो. नीरजा गुप्ता की उपस्थिति होगी।इस अवसर पर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा के करकमलों से विश्वविद्यालय के नजीर हाट प्रांगण में प्रात: 08:00 बजे गोरस भंडार का उद्घाटन किया जाएगा जिसमें गोरस भंडार के अध्यक्ष अॅड. निलेशराव पाटील, व्यवस्थापक माधवराव कडू, संचालक कमलाकरराव शेंडे, सुभाषराव पांढरकर, देवरावजी कासटवार, मधुकरराव भोयर की प्रमुख उपस्थिति होगी। इन कार्यक्रमों में उपस्थित रहने की अपील विश्वविद्यालय की ओर से की गई है।


