विकास नंद/ सर्वव्यापी/
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की जयंती के अवसर पर शासन के निर्देशानुसार आज जिले में कुष्ठ जागरूकता सप्ताह का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर जिला कुष्ठ कार्यालय में कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई. नागेश्वर राव ने गांधी जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर जागरूकता सप्ताह की शुरुआत की।
डॉ. राव ने बताया कि 02 से 08 अक्टूबर 2025 तक चलने वाले कुष्ठ जागरूकता सप्ताह के दौरान ग्राम पंचायतों की ग्राम सभाओं में स्वास्थ्य कार्यकर्ता, मितानिन एवं मितानिन प्रशिक्षक समाज में व्याप्त कुष्ठ रोग संबंधी भ्रांतियों को दूर करेंगे। वे कुष्ठ रोगियों के साथ भेदभाव न करने तथा छुपे हुए कुष्ठ रोगियों की पहचान कर उन्हें एमडीटी उपचार से लाभान्वित कराने की जानकारी देंगे।
कार्यक्रम में उपस्थित स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, मितानिनों एवं मितानिन प्रशिक्षकों को वाचन पत्र पढ़कर यह शपथ दिलाई गई कि वे कुष्ठ रोगियों के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं करेंगे और छुपे हुए रोगियों की पहचान कर उनके उपचार के लिए कार्य करेंगे।
इस अवसर पर जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ. वी.पी. सिंह ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राव, उपस्थित कर्मचारियों, मितानिनों एवं प्रशिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए कुष्ठ जागरूकता सप्ताह को सफल बनाने की अपील की।


