विकास नंद/ सर्वव्यापी/
महासमुंद कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जन चौपाल में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आम नागरिकों की समस्याएं एवं शिकायतें गंभीरता से सुनीं। जन चौपाल में कुल 48 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को सभी आवेदनों का प्राथमिकता के साथ शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि दूरस्थ अंचलों से आने वाले नागरिकों की समस्याओं का समाधान करते हुए उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ दिलाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक आवेदन का नियमानुसार परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जाए।
जन चौपाल में प्राप्त प्रमुख आवेदनों में —ग्राम अछोला निवासी मोतीराम का धान पंजीयन (वर्ष 2025-26) संबंधी आवेदन,नगर पंचायत तुमगाँव निवासी विजय कुमार साहू का अवैध निर्माण पर कार्रवाई हेतु आवेदन,ग्राम सांकरा (पिथौरा) निवासी आबिद ख़ान का अवैध रूप से संचालित अहाता संबंधी आवेदन,ग्राम पंचायत चुहरी में मोबाइल टावर स्थापना का प्रस्ताव,ग्राम मोहदा (पिथौरा) के ग्रामीणों का स्व-सहायता समूह भवन को क्षति पहुँचाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग,ग्राम पचेड़ा (बागबाहरा) निवासी जोधन निषाद का वृद्ध पेंशन हेतु आवेदन,तथा ग्राम तमोरा (बागबाहरा) निवासी राम आसरा का किसान सम्मान निधि की राशि प्राप्ति हेतु आवेदन शामिल रहे।
कलेक्टर लंगेह ने इन सभी आवेदनों का प्राथमिकता के साथ शीघ्र निराकरण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार, अपर कलेक्टर रवि कुमार साहू सहित विभिन्न जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।


