विकास नंद/ सर्वव्यापी/
परंपरा और उत्साह से ओत-प्रोत मामा-भाचा मेला का आयोजन इस वर्ष भी खोकसा ग्राम में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। ग्रामवासियों द्वारा प्रति वर्ष की भांति शरद पूर्णिमा के शुभ अवसर पर यह मेला मनाया गया, जिसमें गांव के सभी वर्गों की सहभागिता रही।कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में के.एल. चौहान, पूर्व कलेक्टर, तथा उनकी धर्मपत्नी उर्मिला चौहान का ससम्मान स्वागत किया गया। ग्राम पंचायत खोकसा के सरपंच बाबूलाल दिवान सहित मोहन दिवान, हेतराम साहू, प्रेमकुमार सोनी, रुक्मण चौहान, मनबोध तांडी, पवन दिवान, राजू सागर, संजय चौहान, सेतराम दिवान, समारू लाल चौहान एवं समस्त ग्रामवासियों ने अतिथियों का आत्मीय अभिनंदन किया।
मेला स्थल पर धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ श्रद्धालुओं ने शरद पूर्णिमा की रात्रि में मामा-भाचा परंपरा के तहत पूजा-अर्चना की। पूरा गांव भक्ति और उल्लास के रंग में रंगा रहा।
इस आयोजन ने ग्राम की सामाजिक एकता और पारंपरिक संस्कृति को फिर से जीवंत कर दिया।


