विकास नंद/ सर्वव्यापी/
सरायपाली विकास खंड के पंचायतों में विकास कार्य ठप पड़ने से नाराज़ सरपंचों ने आज नई मंडी प्रांगण में बैठक कर सरकार के खिलाफ नाराज़गी जताई। सरायपाली विकासखण्ड के 107 ग्राम पंचायतों के सरपंचों ने बताया कि ग्राम पंचायतों में पेयजल, विद्युत बिल भुगतान, भवन मरम्मत, नाली-नाली सफाई, सड़क रखरखाव जैसे अनेक मूलभूत कार्य अटके हुए हैं।
सभी सरपंचों ने कहा कि चुनाव के बाद 8 महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक शासन की ओर से 15वीं एवं 16वीं वित्त आयोग की राशि पंचायतों को नहीं दी गई है, जिससे पंचायतों में जरूरी काम रुक गए हैं और जनता को असुविधा हो रही है।
सरपंचों ने बताया कि राशि के अभाव में न तो पेयजल व्यवस्था सुधर पा रही है और न ही पंचायतों में साफ-सफाई एवं रोशनी की व्यवस्था सुचारू रूप से चल पा रही है।
इसी मांग को लेकर आज सरपंचों ने जनपद पंचायत सरायपाली पहुंचकर जोरदार नारेबाज़ी की और ज्ञापन सौंपते हुए शासन से तत्काल राशि जारी करने की मांग की।
सरपंचों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही राशि जारी नहीं की गई तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे और जिला मुख्यालय तक रैली निकालकर विरोध दर्ज कराएंगे।
जनपद पंचायत में सरपंचों के इस सामूहिक प्रदर्शन से प्रशासनिक हलकों में भी हलचल मच गई है।
अब देखना होगा कि शासन कब तक उनकी मांगों पर संज्ञान लेकर राशि जारी करता है।


