विकास नंद/ सर्वव्यापी/
विकासखण्ड सरायपाली के सभी विद्यालयों में मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता अभियान के अंतर्गत सामाजिक अंकेक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में आज दिनांक 08 अक्टूबर 2025 को संकुल केन्द्र कलेण्डा (सिं.) के अंतर्गत आने वाले सभी विद्यालयों सहित शासकीय प्राथमिक शाला जोगीदादर का भी सामाजिक अंकेक्षण संपन्न हुआ।विद्यालय के लिए मुख्य अंकेक्षक हेमसागर चौहान, व्याख्याता, हायर सेकेंडरी स्कूल कलेण्डा तथा सहायक अंकेक्षक गजानन्द पटेल, पवन बरिहा एवं जयलाल पाण्डे नियुक्त किए गए थे।अंकेक्षकों ने विद्यालय में उपलब्ध भौतिक संसाधनों, परिसर की साफ-सफाई, शिक्षकों की नियमित उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता एवं विद्यार्थियों की बौद्धिक दक्षता का परीक्षण किया।
इस दौरान मुख्य अंकेक्षक चौहान ने बच्चों की उपलब्धि जांचने हेतु कई प्रश्न पूछे, जिनका बच्चों ने आत्मविश्वास के साथ उत्तर दिया। बच्चों से पुस्तक वाचन भी कराया गया, जिसमें कक्षा चौथी एवं पाँचवी के विद्यार्थियों द्वारा अंग्रेजी पठन कौशल की विशेष रूप से सराहना की गई।कार्यक्रम में गाँव के गणमान्य नागरिक एवं शाला प्रबंधन समिति के सदस्य नरेश बरिहा, राजू बरिहा, विजय बरिहा, जोगेश्वर साहू, नारायण बरिहा, जमुना पटेल, रेणुका बरिहा, कैमत यादव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।विद्यालय के प्रधान पाठक विजय कुमार भवसागर एवं सहायक शिक्षक केशव प्रसाद साहू ने उपस्थित अतिथियों एवं अंकेक्षकों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम उपरांत विद्यालय में शिक्षकों द्वारा नेवता भोज का आयोजन भी किया गया।


