विकास नंद/ सर्वव्यापी/
आगामी दीपावली पर्व को ध्यान में रखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिले में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है।
यह कार्रवाई आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार तथा अभिहित अधिकारी खाद्य एवं औषधि प्रसाधन उमेश कुमार वर्मा के मार्गदर्शन में की जा रही है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी शंखनाद भोई ने जानकारी दी कि पिछले 15 दिनों में विभिन्न मिठाई दुकानों एवं खाद्य प्रतिष्ठानों से 07 विधिक नमूने (मिठाइयाँ, दही, देशी घी, खोवा, बेसन, पेड़ा, बूंदी लड्डू आदि) तथा 11 सर्विलेंस नमूने (इलायची दाना, मूंगफली दाना, शक्कर, साबूदाना, घी, मैदा, पॉमोलीन तेल, बूंदी लड्डू, खोवा, कलाकंद, नारियल बर्फी आदि) संकलित किए गए हैं।
सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, कालीबाड़ी, रायपुर भेजा गया है।
गौरतलब है कि रक्षाबंधन पर्व 2025 के दौरान भी विभाग ने 08 मिठाइयों के विधिक और 12 सर्विलेंस नमूने लिए थे। जांच रिपोर्ट में 08 विधिक नमूनों में से 04 नमूने मानक से अवमानक पाए गए थे, जबकि 04 नमूने मानक अनुरूप थे। अवमानक पाए गए 03 प्रकरणों पर विवेचना जारी है तथा 01 मामला माननीय एडीएम न्यायालय में विचाराधीन है।
अभिहित अधिकारी उमेश कुमार वर्मा ने बताया कि सर्विलेंस नमूनों की रिपोर्ट प्राप्त होने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि दीपावली पर्व के मद्देनजर खाद्य सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखी जाएगी, ताकि उपभोक्ताओं को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराए जा सकें।


