विकास नंद/सर्वव्यापी/
महासमुंद कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार जिला स्तरीय गठित संयुक्त टीम ने आज दो औद्योगिक केन्द्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया। टीम में प्रबंधक, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र शशिकांत सिंह, श्रम पदाधिकारी डी.एन. पात्र एवं विधिक माप विज्ञान विभाग के निरीक्षक सिद्धार्थ दुबे शामिल थे।निरीक्षण के दौरान मेसर्स राधेश्याम ऑयल इंडस्ट्रीज, सरायपाली में विधिक माप विज्ञान विभाग की जांच में धर्मकांटा नियमानुसार सत्यापित पाया गया। साथ ही पर्याप्त संख्या में बाट रखने हेतु निर्देश दिए गए। जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र की जांच में कोई कमी नहीं मिली। हालांकि श्रम विभाग की जांच में पाया गया कि प्रमुख नियोजक और ठेकेदार दोनों ने आवश्यक लाइसेंस नहीं लिया था, आवश्यक सूचनाएं प्रदर्शित नहीं की गई थीं तथा ओवरटाइम का रिकॉर्ड भी नहीं रखा गया था। इस पर प्रबंधन एवं ठेकेदार को नोटिस जारी किया गया।
इसी प्रकार क्लीनमैक्स इनवायरो एनर्जी सॉल्यूशन लिमिटेड, केना का भी निरीक्षण किया गया। जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र तथा विधिक माप विज्ञान विभाग की जांच में कोई कमी नहीं पाई गई, परंतु श्रम विभाग की जांच में एक ठेकेदार द्वारा लाइसेंस नहीं लिया जाना, सूचनाएं प्रदर्शित न करना तथा अन्य आवश्यक रिकॉर्ड प्रस्तुत न किया जाना पाया गया। इस पर भी प्रबंधन एवं ठेकेदार को नोटिस जारी किया गया है।


