तरुण कौशिक/संपादक सर्वव्यापी/
कांग्रेस के वरिष्ठ एवं लोकप्रिय नेता त्रिलोक चंद्र श्रीवास ने जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) अध्यक्ष पद के लिए अपनी दावेदारी पेश की है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा चलाए जा रहे संगठन सृजन अभियान के तहत नियुक्त पर्यवेक्षक उमंग सिंघार (नेता प्रतिपक्ष, मध्य प्रदेश) को उन्होंने अपना बायोडाटा और आवेदन सौंपा।त्रिलोक चंद्र श्रीवास, जो अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय समन्वयक, प्रदेश कांग्रेस कमेटी छत्तीसगढ़ के सचिव तथा उत्तर प्रदेश और गुजरात के प्रभारी हैं, ने पर्यवेक्षक सिंघार से मुलाकात के दौरान अपने 30 वर्षों के संगठनात्मक अनुभव, जनसेवा कार्यों और लगातार चुनावी सफलता का उल्लेख किया।उन्होंने बताया कि यदि पार्टी उन्हें यह जिम्मेदारी देती है तो बिलासपुर ग्रामीण के अंतर्गत आने वाले पांच विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करेंगे, जिससे बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र में भी पार्टी को मजबूत बढ़त मिलेगी।इस दौरान त्रिलोक श्रीवास ने जिले के राजनीतिक और सामाजिक समीकरणों, जनहित के मुद्दों पर किए संघर्षों, तथा विभिन्न राज्यों में पार्टी के प्रचार-प्रसार अभियान में निभाई भूमिकाओं पर भी चर्चा की।उनकी दावेदारी पेश किए जाने के बाद बिलासपुर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पंचायत प्रतिनिधियों और समर्थकों में अपार उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है।


