विकास नंद/सर्वव्यापी/

सरायपाली राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार को सरायपाली नगर में भव्य पथ संचलन का आयोजन किया गया। नगर की प्रमुख सड़कों पर अनुशासित पंक्तियों में गगनभेदी घोषों के साथ स्वयंसेवकों का यह संचलन आकर्षण का केंद्र रहा।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य सरला कोसरिया के नेतृत्व में भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। वातावरण “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम” और “जय श्रीराम” के नारों से गुंजायमान हो उठा।
कोसरिया ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष में यह पथ संचलन केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि “माँ भारती की सेवा, सुरक्षा और संवेदना” के लिए समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा —> “संघ के प्रत्येक स्वयंसेवक ने राष्ट्र की अखंडता, एकता और संस्कृति के संरक्षण हेतु अपना जीवन समर्पित किया है।
संघ का यह शताब्दी वर्ष भारत के स्वर्णिम भविष्य की दिशा में प्रेरक मील का पत्थर सिद्ध होगा।”कार्यक्रम में नगर के नागरिकों, व्यापारी वर्ग, छात्र-छात्राओं और गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
पथ संचलन के दौरान अनुशासन, संगठन और एकता की अद्भुत झलक देखने को मिली।इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारीगण, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, नगरवासी एवं स्वयंसेवक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


