तरुण कौशिक/संपादक सर्वव्यापी/
बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल की अध्यक्षता में आज सड़क सुरक्षा समिति, कानून व्यवस्था एवं एन-कॉर्ड समिति की संयुक्त बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं में कमी, यातायात नियमों के कड़ाई से पालन, और युवाओं में नशे के विरुद्ध जागरूकता अभियान पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में एसएसपी रजनेश सिंह सहित पुलिस, परिवहन, स्वास्थ्य, राजस्व, शिक्षा एवं ड्रग्स कंट्रोल विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।कलेक्टर ने बैठक में जिले में हो रही सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि ब्लैक स्पॉट और ग्रे-स्पॉट का पुनः परीक्षण कर सुधार कार्य शीघ्र पूर्ण किए जाएं।
वर्तमान में जिले में 6 ब्लैक स्पॉट और 3 ग्रे-स्पॉट चिन्हित हैं। ब्लैक स्पॉट में सेंदरी चौक केनी, जाली मोड़ रतनपुर, मस्तुरी हाईवे तिराहा, भदौरा चौक मस्तुरी, पंधी चौक सीपत और जांजी बस स्टैंड सीपत शामिल हैं। वहीं ग्रे-स्पॉट के रूप में नेहरू चौक, महाराणा प्रताप चौक और अशोक नगर चौक चिन्हित किए गए हैं।
एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने पर वर्ष 2025 में 689 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि हेलमेट और सीट बेल्ट नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही स्कूल-कॉलेजों में लर्निंग लाइसेंस शिविर और यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
यातायात शिक्षा को स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल करने का भी सुझाव दिया गया।एन-कॉर्ड समिति की बैठककलेक्टर ने युवाओं को नशे से बचाने के लिए स्कूलों और कॉलेजों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस, ड्रग्स कंट्रोल एवं स्वास्थ्य विभाग को संयुक्त रूप से छापामार कार्रवाई करने और नशा मुक्ति पुनर्वास योजनाओं को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि जिले की 2,214 दवा दुकानों में से 2,011 में सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जा चुके हैं।
कानून व्यवस्था की समीक्षा
कलेक्टर एवं एसएसपी ने जिले की कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आगामी त्यौहारों एवं आयोजनों के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने, सीसीटीवी निगरानी मजबूत करने, तथा असामाजिक तत्वों पर निरंतर निगरानी रखने को कहा।
कलेक्टर ने एसडीएम और एसडीओपी को अपने-अपने क्षेत्रों का संयुक्त भ्रमण कर शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक में एडीएम शिवकुमार बनर्जी, एडीशनल एसपी राजेन्द्र जायसवाल, एडीशनल एसपी (यातायात) रामगोपाल करियारे, आरटीओ असीम माथुर, सीएमएचओ शुभा गढेवाल सहित सभी एसडीएम और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


