विकास नंद/ सर्वव्यापी/
लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती 31 अक्टूबर के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले विविध कार्यक्रमों और गतिविधियों के सफल आयोजन के लिए आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष महासमुंद में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस अवसर पर लोकसभा सांसद रूपकुमारी चौधरी ने मीडया प्रतिनिधियों को कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में विधायक महासमुंद योगेश्वर राजू सिन्हा, विधायक राजिम रोहित साहू, छत्तीसगढ़ बीज निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, येतराम साहू एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।सांसद रूपकुमारी चौधरी ने बताया कि सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती को समर्पित यह राष्ट्रव्यापी आयोजन युवाओं में एकता, देशभक्ति और कर्तव्य भावना को जागृत करने का संदेश देगा। इस अवसर पर 6 से 8 नवम्बर तक तीन दिवसीय पदयात्रा आयोजित की जाएगी, जो लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत महासमुंद, धमतरी और गरियाबंद जिलों में एक साथ निकाली जाएगी।महासमुंद जिले में पदयात्रा गांधी ग्राम तमोरा से आरंभ होकर लोहिया चौक महासमुंद में समाप्त होगी। गरियाबंद में सिरकट्टी आश्रम से शुरू होकर मालगांव तक तथा धमतरी में गांधीग्राम कुंडेल से गांधी चौक तक पदयात्रा निकलेगी। यात्रा प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगी, जिसमें दो रात्रि विश्राम भी रखा गया है।यात्रा से पूर्व जनजागरण के लिए स्कूल और कॉलेजों में निबंध एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता, सरदार पटेल के जीवन पर संगोष्ठी और नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएंगे। युवाओं को ‘नशामुक्त भारत’ शपथ दिलाई जाएगी तथा स्वदेशी मेला और ‘गर्व से स्वदेशी’ संकल्प कार्यक्रम भी होंगे।इसके अलावा 30 अक्टूबर को सिरपुर से 11 किलोमीटर लंबी एक दिवसीय पदयात्रा का भी आयोजन किया जाएगा। यात्रा मार्गों पर स्वच्छता अभियान, योग एवं स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन, सड़कों पर सफाई और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। सरदार पटेल के उद्धरणों एवं राष्ट्रीय एकता दिवस से जुड़े संदेशों वाले साइन बोर्ड भी लगाए जाएंगे।यात्रा मार्ग पर पेयजल, शौचालय एवं हल्के भोजन जैसी सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान सरदार पटेल की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि, आत्मनिर्भर भारत शपथ एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी।प्रेस वार्ता में सांसद ने सांसद खेल महोत्सव की जानकारी भी दी, जिसके अंतर्गत संकुल स्तरीय प्रतियोगिताएं 30 स्थानों पर 23 नवम्बर तक आयोजित की जा रही हैं। विधानसभा स्तरीय प्रतियोगिताएं 13 दिसम्बर तक चलेंगी।इस अवसर पर अपर कलेक्टर रवि कुमार साहू, जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरे, खेल अधिकारी अंजली बरमाल तथा गरियाबंद, धमतरी व महासमुंद के मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


