विकास नंद/ सर्वव्यापी/
दीपावली पर्व को लेकर महासमुंद जिला कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने जिलेवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं और सभी से यह अपील की है कि वे सावधानी, संयम और सौहार्दपूर्ण वातावरण में दीपावली का पर्व मनाएं। उन्होंने कहा कि दीपों का यह त्योहार खुशियों और प्रकाश का प्रतीक है, इसलिए इसे शांति और आपसी भाईचारे के साथ मनाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
कलेक्टर लंगेह ने कहा कि शासन द्वारा जारी अग्नि सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण एवं ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण से संबंधित दिशा-निर्देशों का सभी नागरिकों को पालन करना चाहिए। उन्होंने आमजन से अपील की कि बच्चे बड़ों की देखरेख में ही पटाखे जलाएं, तथा खुले स्थानों पर, भीड़भाड़ वाले इलाकों और अस्पतालों के आसपास पटाखों का प्रयोग न करें।उन्होंने जिला प्रशासन के समस्त विभागों को त्योहार के दौरान सतर्क एवं सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं। वहीं, पुलिस विभाग को सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
सभी थाना प्रभारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।कलेक्टर ने कहा कि दीपावली के अवसर पर किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या दुर्घटना से बचाव के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक व्यवहार की सूचना तुरंत पुलिस या प्रशासन को दें।
अंत में उन्होंने कहा — “दीपावली का यह पर्व हर घर में खुशियां, समृद्धि और शांति लेकर आए, यही मेरी शुभकामना है। सभी लोग सुरक्षित, पर्यावरण अनुकूल और सौहार्दपूर्ण तरीके से दीपावली मनाएं।”


