विकास नंद /सर्वव्यापी/
आगामी समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारी को लेकर जिले में प्रशासन सक्रिय हो गया है। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने धान खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने एवं संभावित गड़बड़ी रोकने हेतु जिले के सभी राइस मिलों और उनसे जुड़े गोदामों का भौतिक सत्यापन करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने कहा कि शासन द्वारा धान खरीदी के संबंध में गाइडलाइन जारी कर दी गई है। ऐसे में विकासखंड स्तर पर गठित टीमें प्रत्येक राइस मिल और गोदाम का भौतिक सत्यापन करेंगी।
सत्यापन के दौरान गोदामों में रखे अनाज का स्टॉक, परिवहन अभिलेख एवं पूर्व वर्ष के खरीदी आँकड़ों का मिलान किया जाएगा।उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई धान खरीदी में पारदर्शिता लाने और व्यापारियों व शासन के बीच किसी भी प्रकार की गलतफहमी से बचने के लिए की जा रही है। सत्यापन रिपोर्ट के आधार पर ही संबंधित राइस मिलों को आगामी खरीदी सत्र में भाग लेने की अनुमति प्रदान की जाएगी।
कलेक्टर लंगेह ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सत्यापन कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करें तथा रिपोर्ट जिला स्तर पर प्रस्तुत करें, ताकि खरीदी सीजन के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।


