विकास नंद/सर्वव्यापी/
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रजत जयंती वर्ष राज्योत्सव-2025 का आयोजन महासमुंद जिले में हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में किया जाएगा। यह आयोजन जिला मुख्यालय स्थित मिनी स्टेडियम, महासमुंद में 2 से 4 नवम्बर 2025 तक संपन्न होगा।
कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद (लोकसभा) महासमुंद रूपकुमारी चौधरी शामिल होंगी। उद्घाटन समारोह रविवार, 2 नवम्बर को सायं 5:00 बजे से प्रारंभ होगा।
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने आज शाम मिनी स्टेडियम पहुंचकर राज्योत्सव की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि आयोजन से संबंधित सभी तैयारियां आपसी समन्वय के साथ कल तक पूर्ण कर ली जाएं।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार, अपर कलेक्टर रवि कुमार साहू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
राज्योत्सव में जिले के विभिन्न विभागों द्वारा छत्तीसगढ़ की 25 वर्षों की विकास यात्रा एवं उपलब्धियों को प्रदर्शित करने हेतु आकर्षक प्रदर्शनी और स्टॉल लगाए जाएंगे।
सांस्कृतिक संध्या में स्थानीय कलाकार लोकगीत, नृत्य एवं नाटक के माध्यम से राज्य की लोकसंस्कृति की छटा बिखेरेंगे।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने परिवार सहित राज्योत्सव में शामिल होकर छत्तीसगढ़ की संस्कृति, गौरव और विकास की झलक का आनंद लें।


