विकास नंद/ सर्वव्यापी/
महासमुंद कलेक्टर विनय कुमार लंगेह की अध्यक्षता में आज सुबह 10 बजे साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार, अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा, रवि कुमार साहू, अनुविभागीय अधिकारी, सभी विभागों के जिला अधिकारी, जनपद सीईओ, नगरीय निकायों के सीएमओ सहित सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीसी के माध्यम से शामिल हुए।बैठक में मुख्यमंत्री घोषणाओं की प्रगति, धान खरीदी, विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम एवं सद्भावना यात्रा की तैयारियों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। कलेक्टर लंगेह ने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।कलेक्टर ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए सभी ईआरओ को निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने बताया कि 4 नवम्बर से 4 दिसम्बर तक घर-घर सत्यापन किया जाएगा। बीएलओ को प्रशिक्षण में दिए गए निर्देशों के अनुसार सजगता से पात्र मतदाताओं का गणना पत्रक भरकर संग्रहित करने कहा गया। उद्देश्य पात्र मतदाताओं को जोड़ना एवं अपात्र मतदाताओं को हटाना है।धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर लंगेह ने कहा कि 15 नवम्बर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ हो जाएगी। खरीदी केंद्रों में किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए धान खरीदी नीति के 29 बिंदुओं की चेकलिस्ट के अनुसार सभी तैयारियां पूर्ण की जाएं। उन्होंने पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए खरीदी केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे चालू स्थिति में रखने, निगरानी दलों की सतत मॉनिटरिंग एवं तौल-प्रक्रिया को समय पर संचालित करने के निर्देश दिए।कलेक्टर ने कहा कि जिले के सभी 16 चेकपोस्टों पर धान की आवक एवं अवैध परिवहन पर कड़ी निगरानी रखी जाए। जिन अधिकारियों की ड्यूटी तय की गई है, वे स्थल पर उपस्थित रहकर निगरानी करें और अवैध परिवहन की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें।कलेक्टर लंगेह ने मुख्यमंत्री द्वारा कलेक्टर कॉन्फ्रेंस में दिए गए निर्देशों के पालन पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि अधिकारी व कर्मचारी शासन की मंशानुरूप आम जनता के हितों के प्रति संवेदनशील और गंभीर रहें। कार्यालयों में अनुशासन, समय पर उपस्थिति और जनसंपर्क को प्राथमिकता दें।उन्होंने शिक्षा विभाग को निर्देशित किया कि विद्यार्थियों के आधार आईडी निर्माण हेतु शिविर आयोजित किए जाएं ताकि कोई भी छात्र शैक्षणिक योजनाओं से वंचित न रहे। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि शिविरों के आयोजन की प्रक्रिया जारी है। वहीं, आबकारी विभाग को अवैध शराब निर्माण एवं विक्रय पर रोक लगाने सतत निगरानी करते हुए सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।


