रजत जयंती राज्योत्सव-2025 का भव्य समापन, लोकसंस्कृति और उत्साह से गूंजा मिनी स्टेडियम। - Sarvavyapi रजत जयंती राज्योत्सव-2025 का भव्य समापन, लोकसंस्कृति और उत्साह से गूंजा मिनी स्टेडियम। - Sarvavyapi

रजत जयंती राज्योत्सव-2025 का भव्य समापन, लोकसंस्कृति और उत्साह से गूंजा मिनी स्टेडियम।

Share Now

विकास नंद/ सर्वव्यापी/

छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित रजत जयंती राज्योत्सव-2025 का समापन समारोह जिला मुख्यालय स्थित मिनी स्टेडियम में उत्साह और सांस्कृतिक गरिमा के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि द्वारा छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर की गई।

इस अवसर पर समापन समारोह में छत्तीसगढ़ राज्य बीज निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, स्काउट गाइड संघ के जिलाध्यक्ष येतराम साहू, नगर पालिका उपाध्यक्ष देवी चंद राठी, प्रकाश शर्मा, आनंद साहू, गौकरण साहू, पीयूष साहू, महेंद्र सिका, देवेंद्र चंद्राकर, राहुल चंद्राकर, राजू यादव, मुन्ना साहू सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, कलेक्टर विनय लंगेह, जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार, अपर कलेक्टर रवि साहू, एसडीएम अक्षा गुप्ता, विभागीय अधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में आम जनता उपस्थित थी।अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना के 25 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित इस रजत जयंती राज्योत्सव में शामिल होकर वे स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य ने 25 वर्षों में विकास की नई ऊँचाइयों को छुआ है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन में शासन की योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं। उन्होंने कहा कि यह उत्सव छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान, लोकपरंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है।चंद्राकर ने कहा कि राज्य बनने के बाद परिवहन और आवागमन में अत्यधिक सुधार हुआ है। किसानों के ब्याज दरों में कमी और आधुनिक खेती की योजनाओं से उनकी आय में वृद्धि हुई है। उन्होंने अपील की कि प्रदर्शनी में दर्शाए गए विभागीय स्टॉलों के माध्यम से जनता शासन की योजनाओं को समझकर उनका लाभ ले।स्काउट गाइड संघ के जिलाध्यक्ष येतराम साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ का गौरवशाली इतिहास रहा है। यह देश का एकमात्र प्रदेश है जिसे महतारी का दर्जा प्राप्त है। उन्होंने कहा कि भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी ने हमें यह सौगात दी।कलेक्टर विनय लंगेह ने प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य की 25 वर्षों की यात्रा विकास, उपलब्धियों और जनसहभागिता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है। विभागीय स्टॉलों में नागरिकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने विकास की मजबूत नींव रखी है। उन्होंने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, कलाकारों और आयोजन दल का आभार व्यक्त किया।समापन अवसर पर श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विभागों, कलाकारों और विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने जिला प्रशासन और आयोजन दल के कार्य की सराहना की।

—शासन की योजनाएं अधिक पारदर्शी और सुलभ बनीं

जिले के 23 विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का समापन दिवस पर भी बड़ी संख्या में नागरिकों ने अवलोकन किया। विभागों द्वारा हितग्राही आधारित योजनाओं, नवीन तकनीक और नवाचारों की जानकारी दी गई। छात्र-छात्राओं ने विज्ञान एवं तकनीकी से जुड़े स्टॉलों में विशेष रुचि दिखाई। अधिकारियों ने जनता के प्रश्नों के समाधान और योजनाओं के लाभ की प्रक्रिया समझाई, जिससे योजनाएं और अधिक पारदर्शी एवं सरल रूप में लोगों तक पहुंचीं। नागरिकों ने कहा कि प्रदर्शनी के माध्यम से राज्य की उपलब्धियों और अपने अधिकारों की जानकारी प्राप्त हुई है।

—लोककला के रंगों में नहाया मंच

समापन अवसर पर फुलझरिया कर्मा पार्टी बिलखंड एवं लोकनृत्य समूहों की उत्कृष्ट प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। करमा, पंथी और सुवा नृत्यों की थिरकती ताल और भावपूर्ण लय ने वातावरण को लोक-संस्कृति से सराबोर कर दिया। इसके पश्चात कथक नृत्य की शास्त्रीय प्रस्तुति ने दर्शकों को मोहित कर दिया।शाम 7:30 बजे से 9:00 बजे तक श्रद्धा के फूल लोक कला मंच की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। लोकगीतों और सामाजिक संदेशों से सजे कार्यक्रम में मनोरंजन और परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिला। समापन का मुख्य आकर्षण रहा बॉलीवुड बैंड टीम का लाइव परफॉर्मेंस, जिसकी ऊर्जावान धुनों पर पूरा स्टेडियम झूम उठा। छत्तीसगढ़ी लोकधुनों और बॉलीवुड तालों के मेल ने राज्योत्सव की अंतिम रात को अविस्मरणीय बना दिया।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!