विकास नंद/ सर्वव्यापी/
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (3.0) के अंतर्गत भारत सरकार के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय द्वारा नए गैस कनेक्शन जारी करने के दिशा-निर्देश प्राप्त हुए हैं। इसी क्रम में महासमुंद जिले को कुल 5360 नए उज्ज्वला गैस कनेक्शन का लक्ष्य मिला है।
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने जिले की सभी गैस एजेंसियों को लाभार्थियों का ई-केवाईसी शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सहायक आयुक्त आदिवासी विकास, नगरपालिका अधिकारी एवं जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को कहा है कि सभी पात्र परिवारों से आवेदन आगामी सात दिवस के भीतर प्राप्त किए जाएं।
आवेदन के साथ केवाईसी फॉर्म, पहचान व निवास प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, परिवार के वयस्क सदस्यों का आधार कार्ड, बैंक खाता विवरण और स्व-घोषणा पत्र संलग्न करना अनिवार्य होगा।अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि कोई भी आवेदक दो अलग-अलग गैस एजेंसियों में आवेदन न करे, ताकि पात्र हितग्राही योजना के लाभ से वंचित न रहें। प्राप्त सभी आवेदन पत्रों का परीक्षण एवं सत्यापन कर एक सप्ताह के भीतर नए गैस कनेक्शन जारी करने की प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने कहा है कि जिले का प्रत्येक पात्र हितग्राही प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (3.0) का लाभ प्राप्त कर सके।


