विकास नंद/ सर्वव्यापी/
महासमुंद कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार जिले में अवैध रूप से धान के भंडारण एवं परिवहन पर सतत निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में तहसील पिथौरा अंतर्गत ग्राम भुरकोनी में प्रशासनिक टीम ने बड़ी कार्रवाई की है।प्राप्त सूचना के आधार पर अनुविभागीय अधिकारी (रा.) पिथौरा बजरंग अग्रवाल, नायब तहसीलदार एवं हल्का पटवारी की संयुक्त टीम ने ग्राम भुरकोनी निवासी दिनेश अग्रवाल के घर पर औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान लगभग 3000 बोरी धान भंडारित पाया गया। पूछताछ में दिनेश अग्रवाल द्वारा 1735 बोरी धान के संबंध में कृषि उपज मंडी का सौदा पत्रक प्रस्तुत किया गया, किन्तु शेष 1265 बोरी धान के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए।
राजस्व विभाग की टीम ने 1265 बोरी अवैध धान को नियमानुसार जप्त करते हुए मंडी सचिव को मंडी अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर लंगेह ने जिले में अवैध रूप से धान की खरीदी, बिक्री एवं भंडारण पर सख्त कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं और चेतावनी दी है कि इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


