विकास नंद /सरायपाली /सर्वव्यापी / तृतीय चरण में 23 फरवरी 2025 – त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए महासमुंद जनपद पंचायत के अंतर्गत त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए मतदान प्रक्रिया रविवार 23 फरवरी को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। लोकतंत्र के इस महापर्व में मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और मतदान केंद्रों पर सुबह से ही लंबी कतारें देखने को मिलीं।सुबह से ही मतदान केंद्रों पर चहल-पहल बढ़ गई थी। कलेक्टर विनय लंगेह,जिला पंचायत सीईओ एस आलोक, अपर कलेक्टर रवि कुमार साहू, अनुविभागीय अधिकारी हरिशंक पैंकरा ने शासकीय प्राथमिक शाला मचेवा पहुंचकर सुबह 7 बजे लाइन में लगकर मतदान किया ।मतदाता बड़ी संख्या में अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंचे। प्रशासन द्वारा मतदान को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मतदान केंद्रों पर पानी, छाया और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई थी, जिससे मतदाताओं को किसी तरह की परेशानी न हो।मतदान में युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने जोश के साथ भाग लिया। खासकर पहली बार मतदान कर रहे युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। बुजुर्ग मतदाता भी लोकतंत्र के इस पर्व में अपनी भूमिका निभाने पहुंचे।उल्लेखनीय है कि महासमुंद जनपद पंचायत में दोपहर 1 बजे तक 47 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जिसमें महिला मतदाताओं का प्रतिशत 50.97 और पुरुष मतदाताओं का प्रतिशत 42.87 शामिल है। दोपहर 3 बजे तक लगभग 70 प्रतिशत मतदान होने की जानकारी है। बता दें कि तृतीय चरण में महासमुंद ब्लॉक के 03 जिला पंचायत सदस्य, 25 जनपद सदस्य, 102 सरपंच और 853 पंच पदों के लिए मतदान हुआ। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विनय कुमार लंगेह के मार्गदर्शन में महासमुंद जनपद पंचायत की सभी 105 ग्राम पंचायत के 279 मतदान केंद्रों में स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन सम्पन्न हुआ जनपद पंचायत महासमुंद अंतर्गत एक लाख 70 हजार 607 मतदाता थे। इनमें पुरुष मतदाता 83 हजार 558 व महिला मतदाता 87 हजार 49 है। जनपद पंचायत महासमुंद में जिला पंचायत सदस्य की संख्या 03, जनपद पंचायत सदस्यों की संख्या 25, सरपंचों की संख्या 105 एवं पंचों की संख्या 1413 है। जिसमें से 560 पंच निर्विरोध निर्वाचित हुए है। वहीं सरपंच के 03 पद निर्विरोध निर्वाचित हुए है। निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थियों में पंच के लिए 2124, सरपंच के लिए 470, जनपद सदस्य के लिए 130 अभ्यर्थी, जिला पंचायत सदस्य के 20 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में थे ।