तरुण कौशिक/ संपादक सर्वव्यापी/
बिलासपुर नगर निगम के जोन क्रमांक-02 तिफरा नगर में राजस्व शाखा की बड़ी लापरवाही और संदिग्ध कार्यशैली सामने आ रही है। बीते तीन वर्षों के दौरान वार्डों से मकान टैक्स की वसूली तो की गई, मगर करीब 35 लाख रुपए की यह राशि आज तक नगर निगम को जमा ही नहीं कराई गई।विभागीय सूत्रों के अनुसार इस गड़बड़ी की जानकारी नगर निगम आयुक्त अमित कुमार तक पहुंच चुकी है, लेकिन इसके बावजूद कार्रवाई का कोई ठोस कदम अब तक नहीं उठाया गया, जिससे मामले पर सवाल और गहरा रहे हैं।सूत्रों का कहना है कि इस पूरे प्रकरण में एक भाजपा विधायक के करीबी रिश्तेदार का नाम सामने आ रहा है, साथ ही तिफरा नगर निगम के कुछ जिम्मेदार अधिकारी भी संदेह के घेरे में हैं। राजस्व शाखा द्वारा वसूली राशि को निगम खाते में जमा न करने का मामला प्रशासनिक पारदर्शिता और जवाबदेही पर गंभीर प्रश्न खड़ा करता है।स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों का कहना है कि 35 लाख रुपए का यह टैक्स घोटाला यदि गंभीरता से जांचा गया तो कई चौंकाने वाले नाम सामने आ सकते हैं। नगर निगम की चुप्पी और कार्रवाई में देरी को लेकर भी लोगों में नाराज़गी बढ़ रही है। अब देखना यह होगा कि नगर निगम आयुक्त इस संवेदनशील मामले पर कब निर्णायक कदम उठाते हैं या फिर यह मुद्दा भी विभागीय फाइलों में दबकर रह जाएगा।


